Pilibhit News: विधायक का तंज- आवास के सामने धरना मेरा सौभाग्य

बीसलपुर में विघायक आवास के सामने धरने पर बैठे ग्रामीण । संवाद
बीसलपुर। भाजपा विधायक विवेक वर्मा के आवास के सामने धरना बृहस्पतिवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। ग्रामीणों की बजाय मदद करने के विधायक ने लखनऊ से फोन पर तंज कसते हुए कहा कि तीन दिन से मेरे आवास के सामने चल रहा धरना मेरे लिए सौभाग्य की बात है।
विधायक ने कहा कि धरना देने वालों में 75 फीसदी बरेली जिले और 25 फीसदी लोग पीलीभीत जिले के हैं। ग्रामीणों ने उनके आवास के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर उनका राजनीतिक कद बढ़ा दिया है। उनके मान सम्मान, पहचान और महानता में लोगों ने चार चांद लगा दिए हैं। मैं इन लोगों का दिल से आभारी हूं।
विधायक ने कहा कि मैं उन नेताओं और अधिकारियों का भी शुक्र गुजार हूं, जिन्होंने इन ग्रामीणों को बरगलाकर उनके आवास के बाहर धरने पर बैठाया है। विधायक ने कहा कि षडयंत्र रचने वाले नेता और अधिकारी यदि खुलकर ग्रामीणों का समर्थन करें तो उन्हें और अधिक खुशी होगी। ये नेता और अधिकारी चोरों की तरह ग्रामीणों का समर्थन कर रहे हैं।
विधायक ने यह भी बताया कि उन्होंने पूर्व में ही गांव पुरैना के पास देवहा नदी पर पुल बनवाने का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया है। एस्टीमेट भी चला गया है। पुल स्वीकृत होने की प्रक्रिया काफी लंबी है। इसमें कुछ समय लगता है। यहां बता दें कि गांव पुरैना के पास देवहा नदी का पुल बनवाने की मांग को लेकर पुरैना क्षेत्र के आधा दर्जन गांवों के लोग विधायक आवास के सामने 21 नवंबर से धरना दे रहे हैं। तीसरे दिन धरने पर बैठे लोगों को पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के मकसद से पालिका प्रशासन ने धरना स्थल पर ही पानी का टैंकर खड़ा करा दिया। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष सौरभ भारतीय ने बताया कि शुक्रवार से धरने को क्रमिक अनशन में बदल दिया जाएगा।