Pilibhit News: सजने-संवरने लगा मुस्तफाबाद गेस्ट हाउस और चूका की हट
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Mon, 25 Sep 2023 12:48 AM IST

मुस्तफाबाद गेस्ट हाउस में रंगाई पुताई करते मजदूर । संवाद
कलीनगर। वन्यजीव सप्ताह के समापन पर छह अक्तूबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के संभावित दौरे को लेकर अधिकारी व्यवस्था चाकचौबंद करने में जुट गए हैं। व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। टाइगर रिजर्व मुख्यालय के अलावा मुस्तफाबाद गेस्ट हाउस और चूका बीच की हट दुरुस्त की जाने लगी हैं।
वन्यजीव सप्ताह के समापन पर छह अक्तूबर को सीएम योगी आदित्य नाथ का दौरा प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री मुस्तफाबाद आ सकते हैं। इसी को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। डीएम और एसपी भी मुस्तफाबाद जाकर चूका बीच का दौरा कर वहां इंतजाम करने के निर्देश दे आए हैं। गेस्ट हाउस की सफाई के साथ ही रंगाई-पुताई भी की जा रही है।
चूका बीच में स्थित वाटर हट, ट्री हट को दुरुस्त किया जा रहा है। ऐसा माना जा रहा है कि जिला मुख्यालय के अलावा मुस्तफाबाद और चूका बीच का भी सीएम दौरा कर सकते हैं। रेंजर वजीर हसन ने बताया कि तैयारियां चल रही हैं। हालांकि अभी मुख्यमंत्री का कोई अधिकारिक कार्यक्रम नहीं आया है।

मुस्तफाबाद गेस्ट हाउस में रंगाई पुताई करते मजदूर । संवाद