Pilibhit News: हाईवे पार कर रहे नेपाल के मजदूर की वाहन की चपेट में आकर मौत
पूरनपुर। रोडवेज बस से उतरकर लघुशंका के लिए हाईवे पार कर रहे नेपाल के जिला जाजरकोट के गांव नायका वाडा निवासी लल्लक बहादुर सिंह (४४) की वाहन की चपेट में आकर मौत हो गई। लल्लक बहादुर अपने भाई खुम बहादुर के साथ रोडवेज की बस से दिल्ली जा रहे थे।
घटना असम हाईवे पर गांव रुरिया मोड़ के समीप शुक्रवार देर शाम हुई। खुम बहादुर सिंह ने बताया कि दिल्ली में काम की तलाश में भाई के साथ रोडवेज बस से जा रहे थे। बताते हैं कि एक बुजुर्ग के लघुशंका को जाने की बात कहने पर बस रुकी थी। इस पर उसने अपने भाई को जगाकर लघुशंका कर लेने की बात कही।
लल्लक बहादुर बस से उतरकर सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान तेजी से आ रहे वाहन की चपेट में आकर उनकी मौत हो गई। अंधेरा होने के कारण लोग वाहन को पहचान नहीं सके। सूचना पर पहुंचे कोतवाल प्रवीण कुमार ने बताया कि खुम बहादुर सिंह की ओर से अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। शव को पोस्टमार्टम को भेजा गया है।