Pilibhit News: विवाहित प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी नवविवाहिता
पुलिस ने युवक को थाने बुलाकर लिया हिरासत में
संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर। प्रेम प्रसंग के चलते नवविवाहिता ने कोतवाली पहुंचकर प्रेमी पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया। साथ ही प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ गई। भनक लगने पर प्रेमी की पत्नी भी कोतवाली जा पहुंची। जहां दोनों युवतियां कोतवाली में ही भिड़ गईं। पत्नी अपने पति की प्रेमिका से बोली कि तुम्हारे हाथ जोड़ रही हूं अब तो पति का पीछा छोड़ा दो। पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया है।
क्षेत्र के एक गांव के विवाहित युवक का गांव की युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। कुछ महीने पहले युवती की शादी दूसरे गांव में हो गई। इसके बाद भी दोनों में प्रेम प्रसंग चलता रहा। युवती लगातार प्रेमी पर साथ रखने का दबाव बना रही थी। कुछ दिन पहले प्रेमिका को रखने के वादे से प्रेमी मुकर गया।
इस पर बृहस्पतिवार को युवती कोतवाली आ धमकी और अपने प्रेमी पर धोखा देने का आरोप लगाते हुए उसके साथ रहने की जिद पर अड़ गई। जानकारी पर युवती के प्रेमी की पत्नी भी कोतवाली आ धमकी। कोतवाली में दोनों युवतियां आपस में भिड़ गईं। युवक की पत्नी का कहना था कि वह शादी होकर आई है दूसरी महिला को बर्दाश्त नहीं करेगी।
प्रेमिका का कहना था कि प्रेमी ने शादी के बाद भी उसे साथ रखने का वादा किया था। अब धोखा दे रहा है। पुलिस ने आरोपी युवक को बुलाकर उसे हिरासत में ले लिया। कोतवाल आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि युवक से पूछताछ की जा रही है। दोनों पक्षों में समझौते की भी कोशिश की जा रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।