पीलीभीत

Pilibhit News: बिजली कनेक्शन हैं नहीं… दावा स्मार्ट कक्षाएं चलाने का

Connect News 24

पीलीभीत। सरकारी स्कूलों का कायाकल्प करने और प्राइवेट स्कूलों की तर्ज पर पढ़ाई के लिए सरकार प्रयास तो कर रही है लेकिन व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हो पा रहा है। जिले के 30 से अधिक स्कूलों में अब तक बिजली का कनेक्शन नहीं हो सका है। ऐसे में छात्र गर्मी से तो बेहाल रहते ही हैं, स्मार्ट कक्षाओं में पढ़ने का उनका सपना भी पूरा नहीं हो पा रहा है।

शासन की मंशा है कि परिषदीय स्कूलों में निजी स्कूलों की तरह व्यवस्था की जाए, ताकि बच्चे निपुण बन सकें। इसके लिए स्मार्ट कक्षाएं संचालित करने के भी दावे किए जा रहे हैं। इन दावों के बीच जिले के 30 स्कूल ऐसे भी हैं, जहां अभी तक बिजली कनेक्शन नहीं हो सके हैं। इनमें सबसे अधिक 21 स्कूल पूरनपुर ब्लॉक क्षेत्र के हैं।

कई स्कूल ऐसे भी हैं, जहां कनेक्शन तो हो गए हैं। वायरिंग भी करा दी गई है, लेकिन बिजली आपूर्ति नहीं हो रही है। जिन स्कूलों में कनेक्शन नहीं हैं, उनमें कनेक्शन के लिए कागजी कार्रवाई पूरी की जा चुकी है, लेकिन स्कूल से बिजली के पोल की दूरी अधिक होने से मामला अटका हुआ है। स्कूलों तक पोल लगाने के लिए पांच महीने पहले एस्टीमेट बनाकर शासन को भेजा गया था। लेकिन अभी तक बजट जारी नहीं हो सका है।

……

पूरनपुर क्षेत्र के दो स्कूलों में लगेंगे सोलर पैनल

21 स्कूलों में बिजली कनेक्शन के लिए शिक्षा विभाग ने शासन को बजट का प्रस्ताव भेजा है। इसके अलावा दो स्कूल ऐसे हैं जहां बिजली पहुंचना मुमकिन नहीं है। इनमें एक स्कूल कलीनगर तहसील क्षेत्र के सात झाल और दूसरा सेहरामऊ क्षेत्र के गांव चलतुआ में हैं। इन दोनों स्कूलों में सोलर पैनल लगवाए जाएंगे।

…..


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button