Pilibhit News: लक्ष्य के सापेक्ष धान खरीद नहीं
पीलीभीत। धान खरीद में लापरवाही करने वाले प्रभारियों पर कार्रवाई के साथ ही अब जिला प्रबंधक भी डीएम के रडार पर आ गए हैं। लक्ष्य के सापेक्ष खरीद न करने पर डीएम ने यूपीएसएस और पीसीयू के जिला प्रबंधकों का स्पष्टीकरण तलब किया है। तीन दिन में जवाब न आने पर कार्रवाई की जाएगी।
जिले में इस बार धान खरीद की स्थिति बेहद खराब बनी हुई है। अब तक 4.92 प्रतिशत ही खरीद हो सकी है। ऐसे में कहीं न कहीं लापरवाही सामने आ रही है। खरीद को लेकर समीक्षा के दौरान यूपीएसएस और पीसीयू एजेंसी की स्थिति खराब मिली। दोनों एजेंसियों ने तय लक्ष्य के सापेक्ष खरीद नहीं की।
पीसीयू ने सवा माह में 2990 एमटी ही धान खरीद की। जो कि 3.50 प्रतिशत है। ऐसे में लक्ष्य के सापेक्ष खरीद नहीं हो पा पाई। यही नहीं खरीदे गए धान का उठान करने के लिए लगे वाहनों का जीपीएस भी इंस्टॉल नहीं किया गया। जिससे धान उठ नहीं पाया।
यही हाल यूपीएसएस का रहा। यूपीएसएस के केंद्रों पर अब तक 2.64 प्रतिशत ही खरीद हो सकी। उठान यहां भी नहीं हो पाया। डीएम ने लापरवाही मानते हुए दोनों एजेंसी के जिला प्रबंधकों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।
डिप्टी आरएमओ ने जीपीआरएस सिस्टम लगवाने पर दिया जोर
पूरनपुर। डिप्टी आरएमओ विजय कुमार शुक्ला ने मंगलवार को मंडी समिति पहुंचकर परिवहन ठेकेदारों को वाहनों पर जीपीआरएस सिस्टम लगाने को कहा। कहा कि बगैर जीपीआरएस सिस्टम वाले वाहनों से धान खरीद केंद्रों से धान राइस मिलों को नहीं भेजा जाएगा। एएमओ लाल प्रताप सिंह ने बताया कि मंगलवार को सात ठेकेदारों ने अपने वाहनों पर जीपीआरएस सिस्टम लगवाया है। अब तक कुल 10 ठेकेदारों के वाहनों पर जीपीआरएस लगाया गया है। संवाद
कहा गया है कि तीन दिन के अंदर जवाब न आने पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार ने बताया कि दोनों एजेंसी के जिला प्रबंधकों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। तय समय पर संतोषजनक जवाब न आने पर कार्रवाई होगी।