Pilibhit News: घुमंतू व सड़क किनारे रहने वाले भी बनेंगे मतदाता
अलग-अलग विभागों के अधिकारियों को डीएम ने दी जिम्मेदारी
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। मतदाता अभियान के तहत अब जिले में घुमंतू और सड़क किनारे कई साल से सहने वाले लोगों को भी शामिल किया जा रहा है। अधिकारी उनको चिह्नित कर उनका वोट बनवाएंगे। डीएम की ओर से सभी अधिकारियों को इसको लेकर निर्देश जारी किए गए हैं।
निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चलाए जा रहे मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत नए वोटरों को बनाया जा रहा है। इसके लिए विशेष कैंपों का आयोजन भी किया जा रहा है। अधिक से अधिक नए वोट बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
अब इसमें जिले में अलग-अगल स्थानों पर सड़क किनारे वर्षों से रहने वाले और घुमंतू परिवारों को भी शामिल किया गया है। ऐसे लोगों को चिह्नित कर उनको भी मतदान करने का अवसर दिया जाएगा। इसके लिए अधिकारियों ने ऐसे परिवारों को चिह्नित करना शुरू कर दिया है।
चिह्नीकरण के दौरान परिवार के लोगों के पास आधारकार्ड, मोबाइल नंबर और अन्य पहचान पत्र को देखा जाएगा। मौके पर ही उनका फार्म भरकर संबंधित एसडीएम के पास भेजा जाएगा। इसके बाद जांच के बाद उनका वोट बनाया जाएगा।