Pilibhit News: बगैर मान्यता के चल रहे 25 स्कूल संचालकों को नोटिस
पूरनपुर। क्षेत्र में चल रहे बगैर मान्यता के 25 स्कूल संचालकों व मान्यता के बावजूद निर्धारित से अधिक कक्षाएं चलाने पर 32 स्कूल संचालकों को नोटिस जारी की गई है। इसको लेकर स्कूल संचालकों में खलबली मच गई है।
क्षेत्र में कक्षा एक से आठ तक के कई गैर मान्यता प्राप्त स्कूल चल रहे हैं। बेसिक शिक्षा विभाग ने भनक लगने पर इसकी जांच पड़ताल कराई। जिसमे फर्जीवाड़ा सामने आया। जांच में 25 ऐसे स्कूल सामने आए जिनके पास शिक्षा विभाग से मान्यता ही नहीं थी। मानकों को ताक पर रखकर यह स्कूल काफी समय से संचालित हो रहे थे।
इसके अलावा 32 ऐसे स्कूल मिले जिनके पास मान्यता तो थी लेकिन वह मान्यता से ऊपर की कक्षाएं संचालित कर रहे थे। खंड शिक्षा अधिकारी विजय वीरेंद्र सिंह ने बताया कि ऐसे में स्कूलों को नोटिस भेजे गए हैं। नोटिस भेजने के बाद भी अवैध स्कूल और कक्षाएं बंद नहीं की गईं तो संचालक पर एक लाख रुपये जुर्माना लगाया जाएगा और उसके खिलाफ एफआईआर कराई जाएगी। शिक्षा विभाग की कार्रवाई से स्कूल संचालकों में खलबली मची हुई है।



