Pilibhit News: लिपिक, बीडीओ, एडीओ पर कार्रवाई के बाद ठेकेदारों को भूल गए अफसर
पीलीभीत। गांवों में नंबर प्लेट लगाने के मामले में अफसरों ने लिपिकों के अलावा विकास विभाग के कर्मियों पर कार्रवाई कर दी। हालांकि अधिकारी अब भी इस बात का पता नहीं लगा सके हैं कि आखिरकार गांवों में नंबर प्लेट लगाकर वसूली करने वाले ठेकेदार और उनके साथ शामिल लोग कौन थे।
ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों के घरों में नंबर प्लेट लगाने के लिए ब्लॉक स्तर पर बीडीओ और एडीओ की ओर से डीएम के आदेश का हवाला देते हुए एक पत्र जारी किया गया था। इसका अमर उजाला ने खुलासा किया था। खुलासा होने के बाद अधिकारियों ने इसका संज्ञान लिया। पड़ताल में पता चला कि मरौरी ब्ल़ॉक को छोड़कर सभी ब्लाॅकों से आदेश जारी किया गया है। इस पर संबंधित अधिकारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई। यही नहीं मामला जब डीएम का आया तो कलक्ट्रेट के दो लिपिकों को निलंबित कर दिया गया। अधिकारी अपनी इस कार्रवाई को ही अंतिम रूप मानने लगे हैं। अफसर इस पूरे खेल और वसूली करने वाली टीम की तह तक नहीं जा पा रहे हैं। यह लोग कहां से आए और किसने काम के लिए अफसरों से संपर्क कराया आदि सवालों को नहीं जाना जा रहा है।
चर्चा है कि गांवों में इस काम को कराने के लिए स्थानीय स्तर पर भी लोगों को लगाया गया है। बिहार राज्य के दो लोगों के नाम की चर्चा चल रही है। पूरे मामले से पर्दा कब उठेगा फिलहाल पता नहीं है।
पूरे मामले में कार्रवाई करने के साथ ही गांवों में घूम रहे नंबर प्लेट लगाने वालों की भी पड़ताल कराई जाएगी। उनके साथ कौन-कौन हैं, इसकी जानकारी जुटाकर कार्रवाई की जाएगी।- धर्मेंद्र प्रताप सिंह, सीडीओ