Pilibhit News: अधिकारी राइस मिलों में करेंगे धान के भंडारण और सुरक्षा की पड़ताल
पीलीभीत। सरकारी क्रय केंद्रों पर खरीदे गए धान को राइस मिलों में भेजने से पहले भंडारण की क्षमता कितनी है, सुरक्षा के मानक क्या है, इसकी शासन ने जांच कराने के निर्देश दिए हैं। शासन के आदेश के तहत डीएम ने पांचों तहसीलों के लिए अधिकारी नामित कर दिए हैं।
एक अक्तूबर से शुरू होने वाली धान खरीद को लेकर शासन से जारी दिशा निर्देशों के तहत प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। जिले में 144 क्रय केंद्रों पर धान की खरीद की जाएगी। धान की कुटाई के लिए राइस मिलों का भी पंजीकरण कर दिया गया है। अब शासन ने पंजीकृत राइस मिलों की जांच पड़ताल कराने के निर्देश दिए हैं।
शासन से जारी निर्देश में कहा गया है कि राइस मिलों का टीम बनाकर भौतिक सत्यापन कराया जाए। राइस मिलों की उत्पादन क्षमता के साथ ही धान भंडारण की क्षमता, चौहद्दी, मिल मशीनरी, चावल के भंडारण के लिए मिल पर उपलब्ध स्थान की पड़ताल की जाएगी। इसके लिए जिलाधिकारी प्रवीण कुमार ने पांचों तहसीलों के लिए अधिकारी नामित कर दिए हैं। प्रत्येक टीम में एसडीएम के साथ खाद्य विभाग के अधिकारियों को लगाया गया है। जांच के बाद रिपोर्ट जिलाधिकारी को दी जाएगी।
वर्जन
सभी तहसीलों में संबंधित एसडीएम के साथ खाद्य विभाग के अधिकारियों की जिलाधिकारी की ओर से ड्यूटी लगाई गई है। अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र की पंजीकृत राइस मिलों में जाकर जांच पड़ताल कर रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपेंगे। – वीके शुक्ला, डिप्टी आरएमओ