Pilibhit News: तापमान बढ़ा तो हांफने लगे पुराने ट्रांसफार्मर, उपभोक्ता परेशान
शहर में लगे 350 ट्रांसफार्मरों में आधे से ज्यादा पुराने, विभाग ने कहा-सिर्फ 20 की क्षमता बढ़ाने की जरूरत
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। मौसम में बदलाव के साथ तापमान बढ़ते ही विद्युत व्यवस्था लड़खड़ाने लगी है। गर्मी बढ़ने से पुराने हो चुके ट्रांसफार्मर हांफने लगे हैं। ऐसे में फाॅल्ट के चलते अघोषित बिजली कटौती ने उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ा दी है।
पिछले कुछ दिनों से गर्मी बढ़ी है। अधिक गर्मी पड़ने से बिजली की आवश्यकता भी बढ़ गई है, लेकिन शहर में जर्जर बिजली संसाधनों के चलते फाॅल्ट की समस्या बढ़ गई है। शहर की विद्युत व्यवस्था की बात करें तो 11 केवीए के 18 फीडर से शहर के 43 हजार उपभोक्ताओं को बिजली मुहैया कराई जाती है। फीडरों के माध्यम से घर तक बिजली पहुंचाने के लिए शहर में करीब 350 ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। इनमें से आधे ट्रांसफार्मर पुराने हो चुके हैं। जिसके चलते आए दिन फॉल्ट की समस्या बनी रहती है।
विभागीय अफसरों का कहना है कि शहर की विद्युत व्यवस्था को नियमित रखने के प्रयास किए जा रहे हैं। 350 ट्रांसफार्मर में से सिर्फ 20 ऐसे हैं जिनकी क्षमता बढ़ाई जानी है। इसके लिए विभागीय पत्राचार भी किया जा चुका है।
000
दो मेगावाट खपत बढ़ी
बिजली की डिमांड रोजाना बढ़ रही रही है। जहां पहले खपत 30 मेगावाट थी, अब गर्मी के चलते दो मेगावाट खपत बढ़ गई है। मौजूदा समय में 32 मेगावाट की खपत शहर में हो रही है। विभागीय आंकड़ों के मुताबिक दो मिलियन यूनिट प्रति महीना की खपत बढ़ी है।
000
इन इलाकों में रहती है अधिक समस्या
शहर के मोहल्ला देशनगर, मोहल्ला खकरा, ठेका चौकी, मद्दे की पुलिया, मोहल्ला शेर मोहम्मद, मोहल्ला सुनगढ़ी आदि इलाकों में फॉल्ट की समस्या अधिक रहती है। बिजली कटौती से उपभोक्ता भी परेशान हो जाते हैं।
00
कुछ ट्रांसफार्मरों की क्षमता को बढ़ाया जाएगा। प्रयास रहता है कि आपूर्ति में कोई बाधा न आ सके। फाॅल्ट होने की दशा में समय रहते टीम को भेजकर उनको सही करा दिया जाता है।
– ज्ञानेन्द्र सिंह, अधिशासी अभियंता
000
000
बीसलपुर : ट्रांसफार्मर फुंकने से दो दिन से ठप है कई इलाकों की विद्युत आपूर्ति
बीसलपुर। इंदिरा पार्क स्थित ट्रांसफार्मर फुंक जाने से नगर के कई इलाकों की विद्युत आपूर्ति पिछले दो दिनों से ठप है। इस कारण लोग परेशान हैं।
इंदिरा पार्क स्थित ट्रांसफार्मर बुधवार को फुंक गया था। इस कारण दुर्गाप्रसाद, बख्तावलाल, बाजार कटरा आदि मोहल्लों के अलावा बारह पत्थर रोड, नई सब्जी मंडी, गोपी टाकीज और डाकखाना रोड की विद्युत व्यवस्था ठप हो गई। दो दिन से बिजली न आने के कारण लोगों के इंवर्टर भी डाउन हो गए हैं। मोबाइल फोन चार्ज करने तक के लाले पड़े हैं। विभागीय अधिकारी सब कुछ जानते हुए भी इस समस्या का समाधान कराने में रुचि नहीं ले रहे।
उपभोक्ताओं ने संबंधित अधिकारियों से कई बार फोन पर वार्ता कर समस्या का समाधान कराने की मांग की। अधिकारियों ने आश्वासन तो दिया लेकिन अब तक इस समस्या का समाधान नहीं किया। विभागीय हीला हवाली के चलते यह समस्या कब तक हल हो पाएगी, कुछ कहा नहीं जा सकता। इस बावत विद्युत उपखंड अधिकारी आरएन गुप्ता ने बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह तक हर हालत मे नया ट्रांसफार्मर लग जाएगा। उसके बाद विद्युत आपूर्ति सुचारू हो जाएगी। संवाद
पूरनपुर : दो ट्रांसफार्मर फुंकने से साढ़े तीन सौ घरों, प्रतिष्ठानों की घंटों ठप रही बिजली
पूरनपुर। दो बिजली ट्रांसफार्मर फुंकने से साढ़े तीन सौ घरों, प्रतिष्ठानों की बिजली सप्लाई घंटों ठप रही। दूसरे दिन ट्रांसफार्मर बदलने से उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली।
नगर के सराफा बाजार में सौ केवीए और पूरनपुर देहात में 250 केवीए का ट्रांसफार्मर मंगलवार रात को फुंक गया। इससे साढ़े तीन सौ से अधिक उपभोक्ताओं की बिजली सप्लाई ठप हो गई। पूरी रात उपभोक्ताओं का भीषण गर्मी में भारी असुविधा हुई। बुधवार को ट्रांसफार्मर बदलने से उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली। जेई उमेश कुमार ने बताया कि नगर के कई ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि के लिए तीन साल से रिपोर्ट दी जा रही है। इसके बाद भी ट्रांसफार्मरों की क्षमता नहीं बढ़ पा रही है। संवाद