Pilibhit News: कटिया डालकर मंडी में साफ किया जा रहा धान

मंडी समिति में बिजली लाइन पर पड़ी कटिया । संवाद
पीलीभीत। मंडी में आने वाले किसानों की सुविधा के लिए शासन के आदेश पर मंडी समिति की ओर से हर केंद्र पर डस्टर (पंखा) दिया गया है। पंखा देने के बाद अधिकारी इसे संचालित करने के लिए बिजली देना भूल गए। ऐसे में धान को साफ करने के लिए बिजली की चोरी की जा रही है। केंद्रों पर कटिया डालकर पंखे को चलाया जा रहा है।
जिले में तीन अक्तूबर से धान की खरीद शुरू हो चुकी है। मंडी समिति में बने केंद्रों पर मंडी समिति की ओर से बिजली चलित डस्टर (पंखा) और कांटा दिया गया है। कांटा और पंखा देने के बाद यह कैसे चलेंगे, इसकी कोई व्यवस्था नहीं की गई है। ऐसे में केंद्र पर लगे डस्टर (पंखा) को बिजली लाइन में कटिया डालकर चलाया जा रहा है। ऐसे में जहां कटिया डालने में जान का खतरा है तो वहीं बिजली चोरी कर किसानों का धान साफ किया जा रहा है। मंडी में हर एक केंद्र पर तारों में पड़ी कटिया आसानी से देखी जा सकती है। मंडी में एक केंद्र पर मौजूद कर्मी ने बताया पंखा देने के बाद मंडी की ओर से कोई सुविधा नहीं दी गई है। केबल भी खुद खरीदनी पड़ी है।
बिजली हो रही चोरी, वसूली किसानों से
केंद्र पर डस्टर (पंखा) से धान को साफ करने की एवज में किसानों से बीस रुपये प्रति क्विंटल की दर से रुपये वसूले जाते हैं। ऐसे में चोरी की बिजली खर्च करने के बाद भी किसानों से वसूली लोगों को अखर रही है।
केंद्रों पर संसाधन उपलब्ध कराने थे, जो दे दिए गए हैं। डस्टर (पंखा) ही देना था बिजली की व्यवस्था करना केंद्र के लोगों का काम है। – अशोक कुमार, सचिव, मंडी समिति
धान खरीद : पांच दिनों में 19 केंद्र ही हो सके सक्रिय
पीलीभीत। तीन अक्तूबर को धान खरीद का पहला दिन था। इस दिन पीलीभीत मंडी में मात्र एक खाद्य विभाग के केंद्र पर ही खरीद का खाता खुल सका। इसके अलावा और कहीं खरीद नहीं हुई। दूसरे दिन मंडी के सात केंद्रों पर खरीद हुई थी। पांच दिन बीतने के बाद भी अभी जिले के मात्र 19 केंद्र ही सक्रिय हो सके हैं। इसमें खाद्य विभाग के 33 में 10, पीसीएफ के 30 में 03, यूपीएसएस के 46 में 03, मंडी समिति के 02 में कोई नहीं और भारतीय खाद्य निगम के 03 में किसी पर भी खरीद शुरू नहीं हो सकी है। संवाद

मंडी समिति में बिजली लाइन पर पड़ी कटिया । संवाद