Pilibhit News: खमरिया पुल के पास एंबुलेंस पलटने से मरीज की मौत
पीलीभीत। बरेली से मरीज का उपचार कराकर घर छोड़ने जा रही एंबुलेंस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एंबुलेंस में मौजूद मरीज की मौत हो गई, जबकि अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
पूरनपुर क्षेत्र के गांव खमरिया पट्टी निवासी सोहन पाल पुत्र बाबूराम 23 अक्तूबर को पूरनपुर क्षेत्र में हादसे में घायल हो गए थे। हालत गंभीर होने पर पर उन्हें बरेली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत में कुछ सुधार होने पर सोमवार की रात वह छुट्टी कराकर एंबुलेंस से घर लौट रहे थे। इसी दौरान शाही चौकी के आगे खमरिया पुल के नजदीक एंबुलेंस अनियंत्रित होकर पलट गई। इसमें एबुंलेंस मेंं सवार सोहनपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिजन गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही जहानाबाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत से घर में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक उमेश सोलंकी ने बताया कि एंबुलेंस अनियंत्रित होने की वजह से हादसा हुआ है।



