Pilibhit News: चोरी का खुलासा न होने पर अधिवक्ता ने दी आमरण अनशन की चेतावनी
पूरनपुर। दीवार फांदकर अधिवक्ता के घर में घुसे चोर ढाई लाख रुपये और आठ लाख रुपये के जेवरात चुरा ले गए।
अधिवक्ता का आरोप है कि पुलिस ने दी गई तहरीर को बदलवाकर पचास हजार रुपये और 50 हजार रुपये के जेवरात चोरी की तहरीर लिखवाकर रिपोर्ट दर्ज की है। घटना का खुलासा न होने पर अधिवक्ता ने प्रगतिशील अधिवक्ता एसोसिएशन के अध्यक्ष और सचिव को पत्र भेजकर धरना प्रदर्शन की चेतावनी देते हुए सहयोग मांगा है।
12 अक्तूबर को अधिवक्ता नत्थूलाल पांडेय के घर चोरी हो गई थी। अधिवक्ता का कहना है कि चोर ढाई लाख रुपये के साथ करीब आठ लाख रुपये का जेवर भी ले गए थे। शुरू में पुलिस घटना को संदिग्ध मानते हुए अधिवक्ता के परिजन की भूमिका संदिग्ध बता रही थी। घटना की रिपोर्ट दर्ज करने में भी पुलिस ने हीलाहवाली की।
प्रगतिशील अधिवक्ता एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय सक्सेना के नेतृत्व में कई अधिवक्ता कोतवाली पहुंचे। तब पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने का आश्वासन दिया। आरोप है कि पुलिस ने 50 हजार रुपये और 50 हजार रुपये के जेवर चोरी दिखाकर रिपोर्ट दर्ज की। चोरी का खुलासा अब तक नहीं हो सका।
मंगलवार को अधिवक्ता नत्थूलाल पांडेय ने प्रगतिशील अधिवक्ता एसोसिएशन के अध्यक्ष और सचिव को पत्र भेजकर अब तक चोरी का खुलासा न होने पर सहयोग मांगा है। उन्होंने बताया कि तीन नवंबर को एसडीएम को ज्ञापन दिया जाएगा। छह नवंबर को अधिवक्ता भवन में क्रमिक अनशन शुरू होगा। आठ नवंबर को भूख हड़ताल शुरू की जाएगी। इसके बाद भी घटना का खुलासा नहीं किया गया। तब आमरण अनशन शुरू होगा। कोतवाल प्रवीण कुमार ने बताया कि जांच की जा रही है। शीघ्र ही घटना का खुलासा किया जाएगा। प्रगतिशील अधिवक्ता एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय सक्सेना ने बताया कि शीघ्र संतोषजनक कार्रवाई पुलिस की ओर से न होने पर बैठक कर अगली रणनीति तय की जाएगी।



