Pilibhit News: अंडबोझी की पुलिया के निर्माण का फंसा पेच, लोग परेशान

न्यूरिया के मोहल्ला मोहम्मद यार का जर्जर वाईपास मार्ग । संवाद
पीडब्ल्यूडी ने खड़े किए हाथ, आसपास के लोग ही करा रहे कारसेवा से निर्माण
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। पीडब्ल्यूडी के हाथ खड़े कर देने के बाद पूरनपुर क्षेत्र के गढ़वाखेड़ा से अंडबोझी जाने वाली खस्ताहाल पुलिया और सड़क के निर्माण के लिए वहां के लोग आगे आए हैं। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी अधिकारियों का कहना है कि यह पुलिया उनके अधिकार क्षेत्र में न होकर गन्ना विभाग के अधीन आती है। ऐसे में निर्माण की जिम्मेदारी भी उसी की है।
पूरनपुर क्षेत्र के गांव गढ़वाखेड़ा से अंडबोझी होते हुए करीब 10 किलोमीटर का लंबा मार्ग शाहजहांपुर के कस्बा बंडा को जोड़ता है। इस मार्ग पर करीब 40 साल पहले सड़क और पुलिया बनी थी। इसके बाद किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। ध्यान न देने के कारण सड़क अब काफी बदहाल हो गई है। यही नहीं पुलिया क्षतिग्रस्त होने से बारिश का पानी भी किसानों के खेतों में भर रहा है। जिससे फसलें भी खराब हो रहीं हैं।
इस सड़क से आसपास के गांवों के सैकड़ों छात्र भी गढ़वा और पूरनपुर पढ़ने जाते है। कई बार प्रशासन से कहने के बाद भी जब किसी ने कोई ध्यान नहीं दिया तो पूर्व प्रधान गुरमीत सिंह ने संगत में निर्णय लेने के बाद कारसेवा से पुलिया और सड़क को बनवाना शुरू कर दिया। ग्रामीणों का यह कदम प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को आइना दिखाने वाला है। ऐसे में उम्मीद थी कि जिम्मेदारों की नींद टूटेगी, पर ऐसा नहीं हुआ।
निर्माण का मसला पीडब्ल्यूजी और गन्ना विभाग के बीच फंस कर रह गया है। जांच के बाद पीडबल्यूडी के जिम्मेदारों ने सड़क उनकी न होने की बात कह कर पल्ला झाड़ लिया है। कहा कि यह सड़क गन्ना विभाग के अधीन है और वही निर्माण करवाएगी। ऐसे में निर्माण कौन करवाएगा, समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।
प्रसिद्ध शिवमंदिर को भी जाता है यह मार्ग
गढ़वाखेड़ा से अंडबोझी होते हुए यह मार्ग बंडा क्षेत्र में मौजूद प्रसिद्ध सुनासिरनाथ मंदिर को भी जाता है। इसी मार्ग से खुटार ब्लॉक के कई लोगों पुवायां तहसील जाना पड़ता है। इस सड़क से जाने पर दूरी कम पड़ती और समय की बचत भी होती है। इसके अलावा यह सड़क गांव अंडबोझी, पिपरिया डुडंवा, कोन, रम्पुरा सहित करीब एक दर्जन गांवों को जोड़ती है। पूर्व प्रधान गुरमीत सिंह ने बताया कि ग्रामीणों के साथ ही इस मार्ग से आवाजाही में सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों को होती है।
00
पूरनपुर क्षेत्र में कारसेवा से बनाई जा रही पुलिया को लेकर जांच कराई गई थी। यह सड़क गन्ना विभाग की है। पूर्व में इसी विभाग की ओर से सड़क और पुलिया का निर्माण कराया गया था।
– उदय नरायन, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी
000
000
अमरिया : सड़क पर भरा पानी, आवागमन में दिक्कत
अमरिया। यहां सड़क पर कई दिनों से जलभराव के कारण लोगों को आवागमन में दिक्कत हो रही है। बरेली- सितारगंज नेशनल हाईवे से कस्बा अमरिया होकर बहेड़ी तक जाने वाली सड़क से चठिया, मुडलिया इलाही बक्श, सरेनी त्रिकुनिया, सिरसा, गूलर बोझ, गोपाल नगर आदि दर्जनों गांव के लोगों का आना-जाना होता है। कस्बे के भी सैकड़ों लोग इसी सड़क से गुजरते हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि तहसील मुख्यालय होने के बावजूद भी अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। सड़क पिछले एक दशक से टूटी है और हल्की बरसात में सड़क पर दो से तीन फुट जलभराव हो जाता है। समस्या को दूर करने के लिए कई बार शिकायत की गई पर कोई सुनवाई नहीं हुई। लोगों ने जल्द ही समस्या का समाधान कराने की मांग की है। संवाद
न्यूरिया : गंदगी और कीचड़ से निकलना हुआ दूभर
न्यूरिया। नगर पंचायत मोहल्ला मोहम्मद यार में बाईपास मार्ग की स्थिति जर्जर होने के करण लोगों का घरों से बाहर आना मुश्किल है। इसी मार्ग पर कूड़ा डाला जा रहा है। बारिश के बाद सड़क पर दलदल होने से काफी परेशानी हो रही है। गंदगी से बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है। लोगों ने समस्या को लेकर कई बार अधिकारियों से मांग की। कोई ध्यान न देने से लोगों में रोष पनप रहा है। संवाद

न्यूरिया के मोहल्ला मोहम्मद यार का जर्जर वाईपास मार्ग । संवाद

न्यूरिया के मोहल्ला मोहम्मद यार का जर्जर वाईपास मार्ग । संवाद