Pilibhit News: तीन के खिलाफ मोबाइल, नकदी छीनने की रिपोर्ट
पूरनपुर। मजदूरी कर उत्तराखंड से लौटे गांव टांडा छत्रपति निवासी करन की पिटाई कर मोबाइल और 20 हजार रुपये छीनने, धमकाने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ एसपी के निर्देश पर रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव टांडा छत्रपति निवासी करन 30 जुलाई को उत्तराखंड के हल्द्वानी से मजदूरी कर लौटा था। आरोप है कि गांव के प्रकाश, सेवाराम, सियाराम ने उसकी पिटाई कर मोबाइल और 20 हजार रुपये लूट लिए। इसकी शिकायत उसकी मां अमरावती ने पुलिस से की। पुलिस ने जांच में छिनैती की घटना होना नहीं पाया। सिर्फ एक आरोपी का शांतिभंग की आशंका में चालान किया। शनिवार को संपूर्ण समाधान थाना दिवस में पहुंचे एसपी से अमरावती ने पुलिस पर घटना की रिपोर्ट दर्ज न करने की शिकायत की। एसपी के निर्देश पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। संवाद