पीलीभीत

Pilibhit News: दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहित को पिलाया जहरीला पदार्थ

Connect News 24

पूरनपुर। दहेज में 10 लाख रुपये और पेस्टीसाइड की दुकान खुलवाने के लिए सामान की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने विवाहिता को जहरीला पदार्थ खिला दिया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। कोतवाली पुलिस ने एसपी के आदेश पर पीड़िता के पिता की ओर से पति समेत नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।

सेहरामऊ उत्तरी थाना के गांव पटिहन निवासी जयकरन मिश्रा के मुताबिक उन्होंने बेटी संचिता की शादी 10 जुलाई 2018 में गांव घुंघचाई निवासी सुधांशु मिश्रा उर्फ लवी के साथ की थी। शादी के कुछ दिन बाद ही ससुराल वाले दहेज में 10 लाख रुपये और पेस्टीसाइड की दुकान खोलने के लिए सामान की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर प्रताड़ित करने लगे। 16 मई को संचिता को पीटकर घर से निकाल दिया। अगले दिन मायके आकर भी पीटा।

20 जून को संचिता को चचेरी सास की मौत की सूचना पर ससुराल लेकर पहुंचे। तब ससुराल वालों ने दोबारा मारपीट न करने का आश्वासन देकर उसे रोक लिया। चार जुलाई को दहेज की मांग करते हुए उसे जहरीला पदार्थ पिला दिया। सूचना पर वह उसे सीएचसी पूरनपुर लेकर पहुंचे। जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

मामले में घुंघचाई पुलिस ने पति सुधांशु मिश्रा, सास सुधा मिश्रा, देवर हिमांशु, सुब्रत, तहेरे ससुर कृष्ण कुमार, जेठ रामदेव, अमर, तहेरी सास रविण्मता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।

तीन घरों से लाखों का माल चोरी

पूरनपुर। क्षेत्र के गांव टांडा छत्रपति निवासी उर्मिला के घर से इन्वर्टर की बैटरी चोरी हो गई। पुलिस ने उर्मिला की ओर से गांव के रोहित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। इसके अलावा नगर निवासी राइस मिलर हर्ष कुमार गुप्ता के निर्माणाधीन घर से चोर दो लाख का तार चुरा ले गए। वहीं घुंंघचाई थाना क्षेत्र के गांव कढैया निवासी शांति देवी की तीन बकरी और तीन बकरे चोरी हो गए।

उर्मिला ने बताया कि पांच जुलाई को गांव के रोहित ने घर में घुसकर बैटरी चोरी कर ली। इस दौरान आंख खुलने पर रोहित का पीछा किया, लेकिन हाथ नहीं आया। अब तीन चार दिन से अपने घर में नहीं है। मोहल्ला बमनपुर निवासी हर्ष कुमार गुप्ता ने बताया कि उनके निर्माणाधीन मकान से चोरों ने दो दिन पहले वायरिंग का तार चोरी कर लिया। इसके बाद सुरक्षा के लिए एक कर्मचारी को रख दिया। सोमवार को घर में घुसे युवक ने तार काटकर चोरी करना शुरू कर दिया। कर्मचारी ने शोर मचाया तो आरोपी तार लेकर भाग गया। मामले में हर्ष गुप्ता की ओर से अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।

घुंंघचाई थाना के गांव कढैया निवासी शांति देवी ने बताया कि सोमवार रात गांव बिलंदपुर अशोक का एक युवक अपने दो साथियों के साथ उसकी तीन बकरी और तीन बकरों को चोरी कर कार में डालकर ले गया। आहट पर शोर मचाया लेकिन तब तक आरोपी फरार हो गए। शांति ने घुंघचाई थाना में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है।

रंजिशन घर में घुसकर मारपीट कर धमकाया, रिपोर्ट दर्ज

पूरनपुर। रंजिशन गांव हरीपुर कलां निवासी हसरत के घर में घुसकर मारपीट की गई। आरोपियों ने दो बाइकें भी तोड़ डालीं। पुलिस से शिकायत करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने हसरत की ओर से गांव के 12 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। वहीं गांव पड़रिया निवासी अमित को फावड़ा से हमला कर घायल कर दिया गया। पुलिस ने अमित के पिता राजाराम की ओर से गांव के तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।

गांव हरीपुर कलां निवासी हसरत ने बताया कि उधारी दिए 50 हजार रुपये मांगने पर सात जुलाई को विवाद हो गया था। विवाद पर गांव निवासी रिश्तेदार अजमत, आरिफ के चोटें आई थीं। घटना के दिन शाम पांच बजे आरोपी घर में लाठी-डंडा और धारदार हथियार लेकर घुस आए। उनके साथ मारपीट की। घर में खड़ीं दो बाइकें तोड़ दी। कोतवाल आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि मामले में जुम्मा, अजमत, सद्दीक, शौकत, लक्ष्मी, नबाब, शाकिर, इरशाद, अली मोहम्मद, सरफू, महबूब और सलमान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।

उधर पड़रिया निवासी राजाराम ने बताया कि उसका बेटा अमित 30 जून को धान की फसल में पानी लगा रहा था। गांव के देवीदयाल, रामगोपाल और उमाशंकर ने फावड़े से हमला कर उसे घायल कर दिया।

घर में घुसकर महिला से छेड़खानी

पूरनपुर। घर में घुसकर महिला से छेड़खानी करने के मामले में कस्बा निवासी रविंद्र कुमार और गांव अमरैयाकलां निवासी उसके सगे भाई रामनिवास के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।

घटना सोमवार शाम पांच बजे की है। पीड़िता के मुताबिक वह घर में बच्चों के साथ बैठी थी। इस दौरान रविंद्र ने घर में घुसकर छेड़खानी शुरू कर दी। इसमें उसके भाई रामनिवास ने साथ दिया। शोर मचाने पर पति के आने पर दोनों भाग गए। कोतवाल आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि रविंद्र और रामनिवास के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। संवाद

हैंडपंप से पानी भरने पर बच्चे को पीटा

पूरनपुर। हैंडपंप से पानी भरने पर मोहल्ला अहमदनगर निवासी चांद मियां के 12 वर्षीय पुत्र इमरान की पिटाई की गई। विरोध पर चांद मियां को भी पीटा। बाद में आरोपियों ने घर में घुसकर चांद मियां की मां और पत्नी को भी पीटा। कोतवाल आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि चांद मियां की मां जाफरी बेगम की ओर से मोहल्ला निवासी बब्बू, बब्बू की पत्नी नूरजहां, अयान, अनस, बबली और मोहल्ला रजागंज निवासी रईसुद्दीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। संवाद

दवा छिड़ककर गन्ने की फसल की नष्ट

पूरनपुर। ठेके पर ली गई धार्मिक स्थल की जमीन पर खड़ी गन्ने की फसल पर राउंडअप दवाई का छिड़काव कर दो भाइयों ने नष्ट कर दी। पुलिस ने दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।

गांव अमरैयाकलां निवासी सुंदरलाल ने बताया कि गांव के धार्मिक स्थल की 3.40 एकड़ जमीन गांव कटैय्याकलां में है। इस जमीन को उन्होंने 1.10 लाख रुपये में एक साल के लिए ठेके पर लिया था। आरोप है कि गांव के रविंद्र और उसके भाई रामू ने गन्ना की फसल पर राउंडअप दवाई का छिड़काव कर नष्ट कर दिया। विरोध पर दोनों भाईयों ने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। संवाद

युवक को धमकाने पर पिता-पुत्र पर रिपोर्ट

पूरनपुर। सेहरामऊ उत्तरी थाना के गांव महादेव माती निवासी रामराखन ने पिता-पुत्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।

रामराखन ने बताया कि आठ जुलाई को वह पूरनपुर से घर लौट रहा था। कुर्रैया रेलवे स्टेशन के पास गांव के योगेंद्र सिंह और उसके पिता सत्यभान सिंह ने उसे गालियां देनी शुरू कर दीं। विरोध पर मारपीट पर आमादा हो गए। कुछ राहगीरों ने उसे बचाया। तब आरोपी जान से मारने की धमकी देकर चले गए। सेहरामऊ उत्तरी पुलिस ने रामराखन की ओर से पिता-पुत्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button