Shahjahanpur News: रामगंगा किनारे गड्ढे में डूबने से चचेरे भाई-बहन की मौत

गढि़या रंगीन में घटना का मुआयना करते नायब तहसीलदार सतेंद्र कटियार
जैतीपुर। गढि़यारंगीन थाना क्षेत्र के गांव जगत पिपरथना निवासी राजपाल के दस वर्षीय पुत्र अजीत और भतीजी पुष्पा (12) की गड्ढे में भरे पानी में डूबने से मौत हो गई। दोपहर बाद उनके शव बरामद होने के बाद परिवार वाले बिलख पड़े। मौके पर पहुंची पुलिस और नायब तहसीलदार को परिजनों ने शवों का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया है।
राजपाल का पुत्र अजीत गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा चार का छात्र था। उसकी भतीजी पुष्पा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय नवादा मोड़ में कक्षा सात में पढ़ती थी। मंगलवार को राजपाल खेत पर जाने से पहले अजीत को स्कूल जाने की बात कहकर निकले थे। राजपाल ने पुष्पा से कहा था कि वह दोपहर में लौटेगा तो उसे कस्तूरबा स्कूल छोड़ आएगा। उसके आने से पहले ही भाई-बहन घर से निकल गए। दोनाें खेलते हुए रामगंगा नदी के किनारे बड़े से गड्ढे के नजदीक पहुंच गए। गड्ढे में गिरने से डूबने से दोनों की मौत हो गई।
उधर, दोपहर में खेत से लौटे राजपाल को दोनों बच्चे घर पर नहीं मिले तो उन्होंने तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चला। करीब तीन बजे उन्होंने फिर से दोनों की तलाश शुरू की। ढूंढ़ते हुए वह रामगंगा नदी के किनारे बड़े से गड्ढे के नजदीक पहुंच गए। उन्हें पानी में लड़की का सिर दिखाई दिया। उन्होंने शोर मचाया और पुष्पा के शव को बाहर निकलवाया। इसके बाद गांव के गोताखोरों ने अजीत का शव भी बरामद कर लिया। दोनों शवों को देखकर परिवार के लोग बिलख पड़े। सूचना पर पुलिस भी पहुंची, लेकिन परिजनों ने शवों का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। नायब तहसीलदार सत्येंद्र कटियार ने भी मौके पर पहुंचकर मृतक के परिजनों से जानकारी ली।
पहले माता-पिता ने साथ छोड़ा, अब भतीजी भी चली गई
पुष्पा अपने चाचा राजपाल के पास रहती थी। उसके पिता राम सिंह की चार साल पहले कैंसर से मौत हो चुकी है, जबकि उसकी मां जयदेवी की दस साल पहले बीमारी के चलते मृत्यु हो गई थी। पुष्पा की बड़ी बहन कुसुमा की शादी बदायूं के बिछौली में हुई है। बहन की मौत की खबर के बाद कुसुमा रोते बिलखते मौके पर पहुंची। वह शव को देखकर दहाड़े मारकर रो पड़ी। बहन कीर्ति और गीता भी पुष्पा की मौत से गमजदा हैं।
भैंस चराने निकले थे दोनों
अजीत और पुष्पा स्कूल जाने के बजाए भैंस को चराने ले गए थे। माना जा रहा है कि नदी किनारे जाने के दौरान दोनों नहाने के लिए चले गए होंगे और डूबने से मौत हो गई। राजपाल का एक बेटा अनूप रह गया है।
जैतीपुर क्षेत्र में भी नदी में युवक डूबा, तलाश जारी
जैतीपुर। थाना क्षेत्र के गांव चौरा पट्टी निवासी सत्यवीर (22) रामगंगा नदी में डूब गया। वह रामगंगा की धार से तैरते हुए दूसरी ओर खेतों की ओर जा रहा था। तेज बहाव के कारण वह डूब गया। सूचना पर पुलिस ने उसकी तलाश कराई, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। नायब तहसीलदार सतेंद्र कटियार ने बताया कि तलाश के लिए लखनऊ से टीम बुलाई गई है। वह सात भाई-बहन हैं। संवाद

गढि़या रंगीन में घटना का मुआयना करते नायब तहसीलदार सतेंद्र कटियार

गढि़या रंगीन में घटना का मुआयना करते नायब तहसीलदार सतेंद्र कटियार

गढि़या रंगीन में घटना का मुआयना करते नायब तहसीलदार सतेंद्र कटियार

गढि़या रंगीन में घटना का मुआयना करते नायब तहसीलदार सतेंद्र कटियार

गढि़या रंगीन में घटना का मुआयना करते नायब तहसीलदार सतेंद्र कटियार