पीलीभीत

Pilibhit News: तहरीर बदलवाकर मनमानी करती रही पुलिस, परिवार ने कराया पोस्टमार्टम

Connect News 24

पीलीभीत। बेटी को अगवा कर ले जाने वाले युवक की गिरफ्तारी न होने और पुलिस की कार्यशैली से आहत होकर पिता के फंदे पर लटककर आत्महत्या करने के मामले में दूसरे दिन परिजन खुलकर बोले। उन्होंने शव का पोस्टमार्टम भी कराया। कहा, पुलिस ने उनकी कोई मदद नहीं की।

सदर कोतवाली क्षेत्र की कांशीराम कॉलोनी के रहने वाले आसिफ खां की नाबालिग पुत्री को 17 जून को मोहल्ले की ही रहने वाली महिला का रिश्तेदार फरहान अगवा कर ले गया था। मां रूबी बेगम ने मामले की उसी दिन तहरीर कोतवाली पुलिस को दी। इसमें कुछ पैसों और मोबाइल का भी जिक्र किया गया था। इसके बाद पुलिस रुपये और मोबाइल की बात तहरीर से हटाने का दबाव बनाती रही। 18 जून को पुलिस ने दोबारा तहरीर लिखवाई।

किशोरी के पिता ने एफआईआर की कॉपी मांगी तो उसे शाम पांच बजे आने को कहा गया। पिता शाम को पहुंचा तो उसे कॉपी नहीं दी गई। वह रात में लगभग 11 बजे फिर कोतवाली पहुंचा, लेकिन भी पहुंचा, लेकिन उसे कॉपी फिर भी नहीं दी गई। 19 जून को वह किसी अन्य के साथ पहुंचा तब जाकर उसे रिपोर्ट की कॉपी दी गई, लेकिन एक सिपाही लगातार उस पर पैरवी न करने का दबाव बनाता रहा।

घटना के बाद से ही परिवार के लोग मदीना शाह स्थित लड़की की नानी के घर पर रहने लगे। 20 जून की सुबह लड़की का पिता वहां से नहाने की बात कहकर अपने घर आया और यहां फंदे पर झूलकर आत्महत्या कर ली। बृहस्पतिवार को परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराया।

पांच दिन बाद भी आरोपी को नहीं पकड़ सकी पुलिस

कोतवाली पुलिस पांच दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी को नहीं पकड़ सकी है। लड़की भी अब तक बरामद नहीं हुई है, जबकि 17 जून को ही तहरीर दे दी गई थी। इससे परिवार वालों में पुलिस के खिलाफ आक्रोश है।

वर्जन:

मामले की जांच की जा रही है। हर संभावित स्थान पर लड़की को तलाशा जा रहा है। आरोपी के पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। – अंशु जैन, सीओ सिटी


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button