Budaun News: अंकुश साहू का था सवा महीने पहले मिला शव

मृतक अंकुश शाहू का फाइल फोटो।
– अलापुर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में हुई थी मौत
– परिजनों ने सदर कोतवाली में दर्ज कराई थी गुमशुदगी
संवाद न्यूज एजेंसी
अलापुर। थाना क्षेत्र में सवा महीने पहले गांव कंचनपुर के ईंट भट्ठे के पास सड़क किनारे मिला शव अंकुश साहू का था। मृतक की मां ने कपड़ों और हाथ पर लिखे नाम से उसकी शिनाख्त की है। पीड़िता की तहरीर पर वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया गया है।
10 मई को अलापुर थाना क्षेत्र के गांव घड़ा कंचनपुर के ईंट भट्ठे के पास सड़क किनारे युवक का शव मिला था। उसके कपड़े फटे हुए थे और शरीर पर घिसटने के निशान थे। मौके पर ही गाड़ी के टूटे हुए शीशे के कुछ टुकड़े भी मिले थे। उस समय पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का काफी प्रयास किया, लेकिन पहचान न हो सकी थी।
बृहस्पतिवार को शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पक्का बाग साहू धर्मशाला निवासी ममता पत्नी चिम्मन लाल साहू थाने पहुंची और पुलिस से जानकारी की। जानकारी के बाद कपड़ों और शव के फोटो देखने पर युवक के हाथ पर बने टैटू और दर्ज नाम से उसकी शिनाख्त अपने बेटे 25 वर्षीय अंकुश साहू के रूप में की।
ममता ने बताया कि उसका अंकुश उसका इकलौता बेटा था, जो बसों में पानी बेचने का काम करता था। वह आठ मई से लापता था। काफी तलाश करने पर नही मिला तो 22 मई को कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एसएचओ हरपाल सिंह बालियान ने बताया कि सवा माह पूर्व मिले शव की शिनाख्त हो गई है। मृतक की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है।