Pilibhit News: छात्रा को मैनपुरी ले जाकर 70 हजार में बेचा, पुलिस ने किया बरामद
बीसलपुर। एक माह पूर्व पूर्णागिरि जाने के दौरान लापता हुई छात्रा को कोतवाली पुलिस ने बृहस्पतिवार तड़के मैनपुरी के एक गांव से बरामद कर लिया। उसे वहां 70 हजार रुपये में बेचा गया था। पुलिस छात्रा के साथ उसे खरीदने वाले युवक को भी साथ ले आई है। पुलिस अब उस महिला को तलाश रही है, जिसने छात्रा को बेचा था।
इंटर में पढ़ने वाली नगर की एक छात्रा 30 मई को लापता हो गई थी। उसके पिता ने 31 मई को कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें कहा गया था कि उसकी पुत्री पूर्णागिरि जाने के लिए घर से निकली थी, तभी उसे किसी ने अगवा कर लिया है। इस बीच हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने कई बार पुलिस से मिलकर छात्रा को बरामद करने की मांग की थी।
कोतवाली पुलिस ने बृहस्पतिवार तड़के मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर छात्रा घरवालों के घरवालों को साथ लेकर मैनपुरी के एक गांव में दबिश दी। वहां छात्रा मिल गई। पुलिस छात्रा और उसे अपने साथ रखने वाले युवक को कोतवाली ले आई है। छात्रा ने घरवालों को बताया कि वह 30 मई को बीसलपुर से ट्रेन से पीलीभीत पहुंची थी। वहां से पूर्णागिरि जाने के लिए टनकपुर की ट्रेन की बजाय गलती से कासगंज जाने वाली ट्रेन में बैठ गई। कासगंज रेलवे स्टेशन पर उसे कुछ महिलाएं मिलीं।
छात्रा का कहना है वे महिलाएं उसे अपने साथ पूर्णागिरि ले गईं और फिर अपने साथ वापस कासगंज ले गईं। वहां छात्रा ने घर जाने के लिए महिलाओं से रुपये मांगे, लेकिन उन्होंने रुपये देने से मना कर दिया। इसके बाद छात्रा ट्रेन में बैठकर फर्रुखाबाद पहुंच गई। वहां स्टेशन पर उसे एक महिला मिली। उसने छात्रा को मैनपुरी ले जाकर एक युवक के हाथ 70 हजार रुपये में बेच दिया। आरोपी युवक ने भी छात्रा के घरवालों को बताया कि उसने छात्रा को 70 हजार रुपये में खरीदा है। पुलिस किशोरी और युवक से पूछताछ कर रही है।
इंस्पेक्टर कोतवाली अशोक पाल ने बताया कि बरामद छात्रा का शुक्रवार को सरकारी अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। शनिवार को किशोरी को न्यायालय मेंं बयान दर्ज कराने के लिए पेश किया जाएगा। इसके बाद न्यायालय के आदेशानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। छात्रा को बेचने वाली महिला की तलाश में पुलिस की कई टीमों को लगाया गया है।