Pilibhit News: उमस भरी गर्मी में और रुलाने लगी बिजली कटौती

बिजली सही करते विघुत कर्मी ।
पीलीभीत। शहर में बिजली की अघोषित कटौती का कोई समय तय नहीं है। एक घंटे में कम से कम दस बार से ज्यादा बिजली कट रही है। सोमवार को भी शहर में दिन भर लोगों को कटौती की मार झेलनी पड़ी। दोपहर बाद हुई बारिश के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन बिजली कटौती नहीं थमी।
विभागीय आंकड़ों के मुुताबिक शहर में लगभग 22 घंटे बिजली आपूर्ति दी जा रही है। मगर यह आंकड़ा कागजी है। हकीकत में 15 घंटे से ज्यादा बिजली नहीं मिल पा रही है। जमकर फाल्ट हो रहे हैं। रोस्टिंग के नाम पर बिजली काटी जा रही है। सोमवार सुबह उमस भरी गर्मी के बीच बिजली ने लोगों को खूब छकाया। खकरा फीडर की ट्रॉली में फाल्ट आ जाने से लगभग दो घंटे तक बिजली प्रभावित रही।
बरेली गेट की तरफ से कांवड़ यात्रा निकलने से दिन भर बिजली प्रभावित रही। इसके अलावा कमल्ले चौराहा, बेलों वाले चौराहे, अशरफ खां, मद्दे की पुलिया के निकट, निरंजन कुंज, एकतानगर, बल्लभनगर, नई बस्ती समेत कई मोहल्लों में बिजली आती-जाती रही। शहर में बिजली का हाल यह है कि एक-दो घंटे भी लगातार बिजली नहीं मिल पा रही है।



