Shahjahanpur News: ऑफिसर्स कॉलोनी में महिला के सिर पर वारकर की गई थी हत्या
शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार क्षेत्र की ऑफिसर्स कॉलोनी के सर्वेंट क्वार्टर में रहने वाली रामबेटी हत्याकांड के चार दिन बाद भी पुलिस के हाथ सुराग नहीं लगा है। इस मामले में एसओजी समेत तीन टीमें हत्याकांड के खुलासे के लिए लगाई गईं। पुलिस ने मृतका की बेटियों से भी पूछताछ की है।
28 जुलाई की सुबह रामबेटी का शव कमरे में पड़ा मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर वार और तेजाब से चेहरा व हाथ जलाने की बात की पुष्टि हुई थी। इससे बाद पुलिस ने मृतका के बेटे मुकेश की तहरीर पर हत्या की धारा में अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया। रविवार को पुलिस ने मृतका की बेटियों से थाने में करीब एक घंटे तक पूछताछ की। पुलिस ने एक बार फिर से रामबेटी के कमरे की तलाशी है, साथ ही उसके आसपास के क्षेत्र की गहनता से तलाशी कराई। बताया जा रहा है कि पुलिस को एक बोतल बरामद हुई। संभावना है कि इसी में तेजाब लाया गया होगा। एसपी सिटी सुधीर जायसवाल ने बताया कि टीमें कई बिंदुओं पर मामले की जांच कर रही हैं।
सपा नेत्री हत्याकांड में आज आएगा प्रतिनिधि मंडल
शाहजहांपुर। सपा महिला सभा की महानगर अध्यक्ष खालिदा बेगम की हत्या का मामले का संज्ञान प्रदेश नेतृत्व ने लिया है। प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल के निर्देश पर मंगलवार को सपा का प्रतिनिधि मंडल आएगा। जिलाध्यक्ष तनवीर खां ने बताया कि लखीमपुर की बेनजीर उमर, पीलीभीत की कमलेश परिहार, बदायूं की इंदु सक्सेना, सीतापुर के आशुतोष यादव व बरेली की भारती सिंह प्रतिनिधि मंडल में शामिल हैं। सपा नेता खालिदा बेगम के परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त करेंगे। संवाद

