Pilibhit News: धान की पीआर-126 प्रजाति की फसल तैयार, कटाई शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Thu, 14 Sep 2023 11:40 PM IST

खेत में पीआर126 प्रजाति के धान की कटाई करती हार्वेस्टर मशीन ।
पूरनपुर। कम लागत में पककर तैयार होने वाली धान की पीआर-126 प्रजाति की फसल की कटाई शुरू हो गई है। रोग प्रतिरोधक क्षमता अधिक होने और अन्य प्रजाति के धान के मुकाबले अच्छा मूल्य मिलने से किसानों को इसका उत्पादन भा रहा है।
क्षेत्र में धान, गेंहू, गन्ना की खेती होती है। धान और गेंहू की बुवाई करने वाले किसान साल भर में तीन फसलें काटने के लिए प्रतिबंधित साठा (चैनी) धान का भी उत्पादन करते हैं। जल्दी तैयार होने वाली धान की पीआर-126 प्रजाति किसानों को खूब भा रही है। क्षेत्र में इसका उत्पादन 35 प्रतिशत रकबे में किया गया है। पौध डालने के बाद रोपाई से कटाई तक 120-125 दिन लगते हैं।
इन दिनों अन्य प्रजाति की धान की फसल में फूल और कुछ में बाली आ गई है, जबकि पीआर-126 प्रजाति की कटाई शुरू हो गई है। इसमें बीमारियां कम लगने से किसानों की लागत कम आती है। इसका चावल बारीक और खाने में स्वादिष्ट है। बाजार में इसका दाम 2200 रुपये प्रति क्विंटल है। कृषि वैज्ञानिक शैलेंद्र सिंह ढाका कहते है कि किसानों को पहले से ही अगैती में पीआर-126 सबसे अच्छी प्रजाति होने की जानकारी दी गई थी।