Pilibhit News: कॉस्टिंग इंजीनियर को प्रधान ने बंधक बनाया, अभिलेख फाड़े
पीलीभीत। बिलसंडा ब्लॉक के गांव भगौतीपुर के मजरा मुड़िया की प्रधान ने अपने पति और अन्य सहयोगियों की मदद से कास्टिंग इंजीनियर को बंधक बना लिया। इंजीनियर से छीनकर अभिलेख फाड़ दिए। धमकाकर उनसे माप अंकन पुस्तिका पर जबरन हस्ताक्षर करा लिए। मामले की शिकायत पर डीपीआरओ ने एडीओ को जांच सौंपी है।
बिलसंडा ब्लॉक में कास्टिंग इंजीनियर के पद पर तैनात कुलदीप कुमार को छह अक्तूबर को ग्राम पंचायत भगौतीपुर के मजरा मुड़िया की ग्राम प्रधान सोनी देवी और उनके पति विमल ने खड़ंजा-नाली कार्यों के मापांकन के लिए उन्हें गांव बुलवाया था। मापांकन करने के बाद उनसे मेजरमेंट बुक पर हस्ताक्षर करने को कहा गया। चूंकि उस पर लघु सिंचाई इंजीनियर के पहले से हस्ताक्षर थे, सो कुलदीप ने लघु सिंचाई इंजीनियर के हस्ताक्षर पर प्रति हस्ताक्षर करने से मना कर दिया।
आरोप है कि इस पर प्रधान और उनके पति ने कास्टिंग इंजीनियर से अभद्रता करनी शुरू कर दी। आरोप है कि प्रधान के पति और उनके भाइयों ने उन्हें धमकाते हुए घर में बंद कर लिया। पुस्तिका छीनकर जबरन उस पर हस्ताक्षर करा लिए। कुछ अभिलेख छीनकर फाड़ दिए। इनमें एस्टीमेट, ग्राम पंचायत पासबुक, पैन कार्ड था। लैपटॉप भी छीन लिया। किसी तरह से वह वहां से जान बचाकर भागे। मामले की शिकायत अभियंता ने जिला पंचायत राज अधिकारी से की। उन्होंने इन हालत में काम न कर पाने की बात कहते हुए कार्रवाई की मांग की। जिला पंचायत राज अधिकारी ने मामले की जांच एडीओ पंचायत को सौंपकर रिपोर्ट मांगी है।
कास्टिंग इंजीनियर की शिकायत पर मामले की जांच कराई जा रही है। यदि प्रधान और उसके सहयोगियों ने ऐसा किया है तो उनके विरुद्ध कार्रवाई के लिए रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जाएगी। – सतीश कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी



