Pilibhit News: जांच में प्रधान और सचिव का दोषी, कार्रवाई की संस्तुति
– प्रधानमंत्री आवास के नाम पर रुपये मांगने का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
बीसलपुर। बरखेड़ा के सहायक विकास अधिकारी ने जांच में प्रधान और ग्राम पंचायत अधिकारी (सचिव) को दोषी पाते हुए उच्च्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजकर उनके विरुद्ध कार्रवाई की संस्तुति की है।
बरखेड़ा विकास खंड के गांव कोकिली निवासी राजेश्वरी देवी पत्नी महेंद्र कुमार ने पिछले सप्ताह जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार को शिकायती पत्र भेजकर कहा था कि वह काफी गरीब है, उनका कच्चा घर है, जो बारिश में बुरी तरह टपकता है।
राजेश्वरी के अनुसार उसने प्रधानमंत्री आवास प्राप्त करने के लिए आवेदन किया। उनका नाम सूची में आ भी गया। इसके बाद ग्राम पंचायत अधिकारी और ग्राम प्रधान ने उससे 25 हजार रुपये मांगे। उसने जब गरीबी का हवाला देते हुए रुपये देने में असमर्थता जताई, तो उसका नाम सूची से काट दिया गया। उसके स्थान पर गांव की एक अपात्र महिला का नाम दर्ज कर दिया गया।
जिलाधिकारी के निर्देश पर बरखेड़ा के पंचायत विभाग के सहायक विकास अधिकारी ने दो दिन पूर्व गांव में जाकर शिकायत की जांच की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों के माध्यम से जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजकर कहा है कि शिकायतकर्ता वास्तव में आवास की पात्र है। शिकायत कर्ता से प्रधान और ग्राम पंचायत अधिकारी ने आवास बनवाने की एवज में 25 हजार रुपये मांगे हैं।
रिपोर्ट में अपात्र का आवास बनाए जाने के सिलसिले में प्रधान रूपलाल, ग्राम पंचायत अधिकारी नेहा से वसूली कराए जाने और इन दोनों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई कराने की संस्तुति की गई है।

