Pilibhit News: सात जुलाई को बंद हो जाएगी प्रवेश के लिए आवेदन की प्रक्रिया
पीलीभीत। रुहेलखंड विवि से संबद्ध जिले के महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए आवेदन और पंजीकरण की प्रक्रिया सात जुलाई तक ही चलेगी। इसके बाद में छात्र-छात्राएं पोर्टल पर आवेदन नहीं कर पाएंगे। जिम्मेदारों की ओर से छात्र-छात्राओं को बताया गया है कि वे अपना पंजीकरण सात जुलाई तक करा लें, अन्यथा की स्थिति में परेशानी हो सकती है।
जिले में कुल 32 महाविद्यालय हैं। इनमें छात्र-छात्राएं बीए, बीएससी, बीकॉम की कक्षाओं में प्रवेश ले सकते हैं। शहर के प्रमुख महाविद्यालयों में से एक उपाधि महाविद्यालय में बीए के आठ सेक्शन हैं। प्रति सेक्शन में 80-80 सीटें हैं। ऐसे में बीए की कुल 640 और बीएससी के दोनों विषयों के दो-दो सेक्शनों में कुल 320 सीटें हैं। इसी प्रकार बीकॉम में 160 सीटें हैं। इन पर प्रवेश के लिए आवेदन की प्रक्रिया 21 जून से शुरू हो चुकी है।
प्रधानाचार्य डॉ. दुष्यंत कुमार के मुताबिक छात्र-छात्राओं को इस बार पहले तो विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर पंजीकरण कराना अनिवार्य है, इसके बाद महाविद्यालय की वेबसाइट उपाधिमहाविद्यालय डाॅट कॉम पर आवेदन करना होगा। इसके बाद भरे गए फाॅर्म की एक प्रति पंजीकरण की प्रति के साथ महाविद्यालय कार्यालय में जमा करनी होगी। मेरिट सूची आने पर इन आवेदनों पर विचार होगा। यह भी बताया गया कि सात जुलाई की रात 12 बजे के बाद से कोई भी आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
00
पंजीकरण और आवेदन का अलग-अलग शुल्क
महाविद्यालय में दाखिले के लिए सबसे पहले छात्र-छात्राओं को रुहेलखंड विवि की वेबसाइट जो गूगल पर भी मौजूद हैं, उसपर जाकर पंजीकरण करना होगा। इस दौरान 150 रुपये का शुल्क भी ऑनलाइन जमा करना होगा। इसके बाद महाविद्यालय की वेबसाइट पर जो आवेदन फॉर्म भरना होगा उसका 250 रुपये शुल्क निर्धारित किया है। इसे भी ऑनलाइन ही जमा करना होगा।
00
तीन दिन बंद रही साइट
उपाधि महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ दुष्यंत के मुताबिक महाविद्यालय की वेबसाइट पर आवेदन की शुरुआत 17 जून से हो गई थी। लेकिन ये अचानक से उसी दिन बंद हो गईं। इसके बाद 21 जून को वेबसाइट पुन: शुरु हो सकी। जिससे अब छात्र-छात्राओं को जल्दी ही आवेदन करने के लिए कहा जा रहा है।