Pilibhit News: अधिक समय तक ईयरफोन का इस्तेमाल बढ़ा रहा कानों का दर्द

मेडिकल कॉलेज में चिकित्सक कक्ष के बाहर लगी भीड़ । संवाद
पीलीभीत। अगर आप अधिक समय तक ईयरफोन का इस्तेमाल करते हैं, तो सावधान हो जाएं। इसकी वजह से कान के दर्द के साथ ही कई तरह समस्या पैदा हो रही हैं। छोटे बच्चों पर इसका कुछ ज्यादा ही बुरा असर पड़ता है। मेडिकल कॉलेज में ऐसे कई लोग दिखाने आते हैं, जिनके कानों में दर्द की समस्या है।
ईयरफोन लगाकर बात करना या गाना सुनते लोगों को अक्सर देखा जाता है। अधिक समय तक इसका इस्तेमाल घातक साबित हो रहा है। बाइक और कार चलाते समय भी भी इसके इस्तेमाल लोग करते हैं। इससे हादसों का डर तो रहता ही है, साथ ही कानों में दर्द बढ़ने की समस्या भी होती है।
मेडिकल कॉलेज के ईएनटी डॉ. प्रवीन शर्मा ने बताया कि कान में दर्द की शिकायत लेकर ऐसे कई मरीज आते हैं, जो काफी समय तक ईयरफोन का इस्तेमाल करते हैं। बताया कि कानों में अधिक समय तक ईयरफोन लगाने से नसों में सूजन आ जाती है, जिससे दर्द होता है। ईयरफोन की अदला-बदली की वजह से लोगों के कानों में इंफेक्शन भी हो जाता है। इसलिए इसका कम से कम इस्तेमाल करें। संवाद
मानसिक तनाव बढ़ा रहा ईयरफोन
मनोचिकित्सक डॉ. पल्लवी सक्सेना ने बताया कि लंबे वक्त तक ईयरफोन का इस्तेमाल करने से दिमाग पर प्रभाव पड़ता है। दिमाग की कोशिकाओं की ऊपरी सतह पर असर पड़ता है। ईयरफोन से निकलने वाली विद्युत चुंबकीय तरंगों की वजह से व्यक्ति के दिमाग पर बुरा असर पड़ता है। इससे सिर दर्द, नींद में कमी आदि समस्या होती है।



