Pilibhit News: लोनिवि के विरोध में फिर शुरू किया धरना-प्रदर्शन

धरने पर बैठे भाकियू कार्यकर्ता व ग्रामीण। संवाद
देवहा नदी का स्वीकृत पुल गांव पुरैना के पास ही बनाए जाने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बीसलपुर। ग्रामीणों ने देवहा नदी का स्वीकृत पुल गांव पुरैना के पास ही बनाए जाने की मांग को लेकर नदी के पुरैना घाट पर लोक निर्माण विभाग के विरोध में धरना देकर प्रदर्शन किया।
पुरैना और आसपास के कई गांवों के काफी ग्रामीण देवहा नदी के पुरैना घाट पर जमा हुए और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के विरोध में प्रदर्शन व नारेबाजी करने लगे। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि शासन ने देवहा नदी का पुल पुरैना घाट के लिए स्वीकृत किया है, लेकिन लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने उसका शिलान्यास राजनीतिक दबाव में गांव ललौर गुजरानपुर के पास करा दिया।
ग्रामीणों का कहना था कि स्वीकृत पुल ललौर गुजरानपुर के पास किसी भी हालत में नहीं बनने दिया जाएगा। पुल पुरैना घाट पर ही बनेगा। धरना प्रदर्शन में ओमपाल गंगवार, रामऔतार, ज्ञानेंद्र कुमार, मनोज कुमार, रामकृष्ण , रूप लाल, सर्वेश्वर दयाल, प्रमोद कुमार, जैलस्वरूप, चंद्रप्रकाश, हरपाल, भानुप्रताप, सालिगराम और मनोहरलाल समेत काफी ग्रामीण शामिल थे। धरने का नेतृत्व कर रहे ओमपाल ने बताया कि मांग पूरी होने तक धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।
बता दें कि स्थानीय निकाय चुनाव से पहले भी ग्रामीणों ने इसी मांग को लेकर इसी स्थान पर कई दिनों तक लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के विरोध में धरना प्रदर्शन किया था। चुनाव के सिलसिले में आदर्श आचार संहिता लागू हो जाने के कारण किसानों ने धरना प्रदर्शन खत्म कर दिया था। अब किसानों ने फिर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है।

