पीलीभीत

Pilibhit News: चलकर फिर बंद हुई पूरनपुर चीनी मिल

Connect News 24

नवंबर में पेराई सत्र शुरू न होने पर किसान कर चुके हैं विरोध-प्रदर्शन

पूरनपुर। गन्ना एकत्र होने पर दि किसान सहकारी चीनी मिल सोमवार शाम को चला दी गई। मगर खराबी के चलते कुछ देर बाद फिर बंद हो गई। मंगलवार सुबह सात बजे फिर मिल को चलाया गया, मगर फिर प्रेशर डाउन होने व एक मोटर फुंकने पर वह कई बार बंद हुई। मंगलवार दोपहर एक बजे से फिर चीनी मिल को चलाया गया है।

नवंबर में चीनी मिल का पेराई सत्र शुरू न होने पर किसानों ने दो बार धरना-प्रदर्शन किया। मिल का पेराई सत्र शुरू करने के लिए 28 नवंबर को पटला पूजन की औपचारिकता पूरी की गई। पटला पूजन के बाद मिल के पेराई शुरू न करने पर दो दिसंबर को भाकियू कार्यकर्ताओं ने चीनी मिल गेट पर धरना देकर प्रदर्शन किया।

धरनास्थल पर पहुंचे जिला गन्ना अधिकारी और चीनी मिल जीएम ने प्रदर्शनकारी किसानों को शीघ्र ही मिल को चलवाने का आश्वासन दिया। चीनी मिल जीएम ने पांच दिसंबर को मिल का पेराई शुरू कराने का लिखित आश्वासन भी दिया, तब प्रदर्शनकारी शांत हुए थे।

चार दिसंबर को रात करीब 12 बजे मिल को चलाया गया। मगर खराबी से मिल कुछ देर बाद बंद हो गई। मंगलवार सुबह सात बजे मिल को फिर चलाया गया, मगर तकनीकी खराबी, प्रेशर डाउन होने और एक मोटर फुंकने से मिल बंद हो गई।

खराबी दूर कर मंगलवार दोपहर एक बजे फिर मिल को चला दिया गया। चीनी मिल के जीएम रमाकांत वर्मा ने बताया कि मिल को चलवा दिया गया है। शुरुआत में कुछ कमियों से मिल कुछ देर के लिए बंद हुई। खराबियां दूर करा दी गई हैं।

प्रदर्शन करने की दी चेतावनी

पूरनपुर। भकियू (अराजनीतिक) के जिलाध्यक्ष मंजीत सिंह ने चीनी मिल के शीघ्र ही क्षमता के अनुसार पेराई शुरू न करने, लापरवाह अफसरों के खिलाफ कार्रवाई न होने पर असम हाईवे पर शीघ्र ही जाम लगाकर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। संवाद


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button