Pilibhit News: 18 गांवों के लिए मुसीबत बना रेलवे का अंडरपास

अंडर पास में भरा पानी । स्रोत – ग्रामीण
कलीनगर। रेलवे लाइन के दूसरी ओर बसे गांवों के लोगों की सुविधा के लिए शाहगढ़ रेलवे स्टेशन के पास बनाया गया अंडरपास ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब गया है। अंडरपास में हर वक्त सात से आठ फुट पानी भरा होने से आवाजाही बंद रहती है। ऐसी दशा में लोगों को जान जोखिम में डालकर लाइनपार कर जाना पड़ता है। सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों को होती है।
मीटरगेज के दौरान शाहगढ़ रेलवे स्टेशन से सामने गांवों को जाने के लिए रेलवे क्रॉसिंग बनी हुई थी। ब्रॉडगेज होने के बाद रेलवे ने इसे बंद कर दिया था। इसके स्थान पर आवाजाही के लिए अंडरपास बनाया था। मंशा थी कि ट्रेन आने के दौरान भी लोगों की सुरक्षित आवाजाही बनी रहेगी। अधिकारियों की यह मंशा अब क्षेत्र के करीब 18 से अधिक गांवों के लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। कारण, पानी निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण यह तालाब जैसा है। इसमें वर्ष भर सात-आठ फुट तक पानी भरा रहता है। बारिश में हालात और भी खराब हो जाते हैं। जलीय जीव-जंतुओं की भी इसमें भरमार है। ऐसे में लोग न तो पैदल ही निकलने की हिम्मत जुटा पाते हैं और न ही किसी वाहन से। क्षेत्रीय लोग इस संबंध में कई बार रेलवे के अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन समस्या का अब तक समाधान नहीं हो सका है।
स्कूल जाने वाले बच्चों के सामने रहती है अधिक समस्या
अंडरपास में पानी भरा होने के कारण सुबह लाइनपार के पार स्कूल जाने वाले बच्चों के सामने बड़ी समस्या रहती है। ऐसे में ग्रामीण बच्चों को अपने वाहन से अंडरपास तक लाते हैं। यहां से रेलवे लाइन को पार कराकर दूसरे वाहन से स्कूल भेजते हैं। यह क्रम ग्रामीणाों का रोज का ही बन गया। सुबह स्कूल के समय और छुट्टी के समय ग्रामीण वहां पर मौजूद रहते हैं।
डेढ़ दर्जन गांवों के दो हजार लोगों का रोजाना रहता है आवागमन
शाहगढ़ रेलवे स्टेशन के अंडरपास से बच्चों के साथ ही करीब डेढ़ से दो हजार लोगों का रोजाना आना-जाना रहता है। इस रूट से कलीनगर तहसील क्षेत्र के गांव अभयपुर, शाहगढ़, चांदूपुर, बंगला, संडई, रम्पुरा, सपहा सहित करीब एक दर्जन गांव हैं। इस रास्ता के अलावा अन्य कोई रास्ता नहीं है।
ग्रामीण बोले- रेलवे ने सहूलियत देने के बजाय समस्या बढ़ा दी
अंडरपास को लेकर शुरूआत में ही ग्रामीणों ने विरोध किया था। इसके बाद भी कोई ध्यान नहीं दिया गया। इसमें हमेशा ही पानी भरा रहता है।- रविंद्र सिंह, शाहगढ़
रेलवे क्रॉसिंग को फिर से बहाल कर दिया जाए तो ग्रामीणों के लिए बेहतर होगा। अंडरपास में पानी भरा होने से जहां परेशानी हो रही है तो वहीं घटना, दुर्घटना की भी आशंका रहती है।- लक्ष्मण प्रसाद, कुंवरपुर
अंडरपास के पास नहर हैं और पानी का लेबल भी ऊंचा है। ऐसे में पानी वहां भरा रहता है। बच्चों को स्कूल भेजने और अन्य कार्यों के लिए आने जाने में परेशानी हो रही है। समस्या को गंभीर नहीं है।- दिनेश मिश्रा, अभयपुर
अंडरपास का निर्माण होने के दौरान भाकियू की ओर से विरोध जताया गया था। कारण था कि पास में नहरें होने के कारण पानी का रिसाव होना। इसके बाद भी कोई ध्यान नहीं दिया गया। क्षेत्र के सभी अंडरपास ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं।- मंजीत सिंह, जिलाध्यक्ष, भाकियू
शाहगढ़ रेलवे स्टेशन के पास अंडरपास उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता है। यह सिविल क्षेत्र का मामला है। अंडरपास में पानी भरा होने को लेकर डीजीएम सिविल से बात कर समाधान कराया जाएगा। – कृष्ण मोहन विश्वकर्मा, प्रबंधक, आरबीएनएल, पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर

अंडर पास में भरा पानी । स्रोत – ग्रामीण

अंडर पास में भरा पानी । स्रोत – ग्रामीण

अंडर पास में भरा पानी । स्रोत – ग्रामीण

अंडर पास में भरा पानी । स्रोत – ग्रामीण