Pilibhit News: नौकरी का झांसा देकर सगे भाइयों ने डेढ़ लाख ठगे
पूरनपुर। स्वास्थ्य विभाग में फील्ड ऑफिसर की नौकरी दिलाने का झांसा देकर मोहल्ला चौक निवासी जुनैदुल हसन से दो सगे भाइयों ने डेढ़ लाख रुपये ठग लिए। जुनैदुल को मेल भेजकर बांकेगंज सीएचसी में नौकरी लगने की जानकारी दी गई। ज्वाइनिंग लेटर फर्जी निकला। पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर दोनों सगे भाइयों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मोहल्ला चौक निवासी जुनैदुल हसन ने बताया कि नगर की पंकज कॉलोनी निवासी आयुष कुमार और उसके भाई पीलीभीत के गौहनिया रेलवे क्रॉसिंग के समीप रहने वाले विपिन से उसकी जान पहचान थी। विपिन ने स्वास्थ्य विभाग में उसकी पकड़ होने की जानकारी दी। कहा कि एनएचएच कार्यक्रम के तहत वह टीबी विभाग में फील्ड ऑफिसर की नौकरी लगवा देगा। इसके लिए तीन लाख रुपये की मांग की गई।
उसने एक लाख रुपये विपिन के खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए, जबकि 50 हजार रुपये उसके भाई को दिए। कुछ दिन बाद विपिन ने बांकेगंज सीएचसी में फील्ड ऑफिसर की नौकरी लगने की जानकारी देकर मेल आईडी पर ज्वाइनिंग लेटर भेजा। कई दिन तक कोई कॉल न आने पर उसे ज्वाइनिंग लेटर फर्जी होने की जानकारी हुई। तब उसने दोनों भाइयों से मिलकर रुपये लौटाने को कहा। न देने पर पुलिस में शिकायत करने की बात कही। दोनों भाइयों ने कुछ दिन में रुपये लौटा देने का झांसा दिया। मगर वापस नहीं किए। कोतवाली पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर जुनैदुल हसन की ओर से विपिन और आयुष के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।