Pilibhit News: लुटेरे गिरफ्तार, छह मोबाइल बरामद
घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद, आरोपियों पर दर्ज हैं कई मुकदमे
संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर। पुलिस ने तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर छह मोबाइल बरामद करने के साथ घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। पकड़े गए आरोपियों पर कई आपराधिक मुकदमे भी दर्ज हैं।
पुलिस ने शाहजहांपुर के थाना बंडा के गांव नवदिया बंकी निवासी जसप्रीत उर्फ जस्सी, पूरनपुर देहात के मोहल्ला खानकाह निवासी अरमान, गांव मोहम्मदपुर निवासी आंशू पांडेय को गिरफ्तार कर किया। कोतवाल आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि तीनों ने बंडा रोड पर हनुमान मंदिर के पास से मोहल्ला कायस्थान निवासी निहाल वर्मा और गांव खमरिया पट्टी के समीप से जिला देवरिया के थाना खासपार निवासी रामप्रवेश का मोबाइल लूटने की बात स्वीकार की।
आरोपियों के पास से लूट के चार अन्य मोबाइल भी बरामद किए गए। कोतवाल ने बताया कि जसप्रीत सिंह पर पीलीभीत और शाहजहांपुर के थानों में लूट के सात, गाली गलौज कर जानलेवा हमले का एक, शस्त्र अधिनियम और गैंगस्टर का एक मुकदमा पहले से दर्ज है। अरमान पर पूरनपुर थाने में लूट के दो और शस्त्र अधिनियम का एक मुकदमा चल रहा है। आंशू पांडेय के खिलाफ लूट और चोरी के दो-दो मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि लुटेरे पूरनपुर के अलावा माधोटांडा, अमरिया, बंडा, बिलसंडा क्षेत्र में घटनाओं को अंजाम देते थे।
आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दर्ज की लूट की रिपोर्ट
मोबाइल लूट की सूचना पुलिस को पहले ही दी गई थी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। आरोपियों के हाथ लगने और मोबाइल बरामद होने के बाद पुलिस ने लूट की रिपोर्ट दर्ज की। कोतवाल आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि जब तहरीर मिली तभी रिपोर्ट दर्ज की गई है।