Pilibhit News: बिना फिटनेस के स्कूली वाहन का हो रहा संचालन, किया सीज

चेंकिग करते एआरटीओ । स्रोत – एआरटीओ
पीलीभीत। एआरटीओ ने पूरनपुर मार्ग पर चेकिंग अभियान चलाकर विभिन्न वाहनों के चालान किए। इस दौरान उन्होंने स्कूली वाहनों को भी चेक किया। चेकिंग के दौरान उस मार्ग पर चलने वाले अन्य डग्गामार वाहन चालकों में खलबली मची रही।
एआरटीओ वीरेंद्र सिंह ने मंगलवार की सुबह विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने वर्ष 2021 में फिटनेस समाप्त होने के बाद संचालित हो रहे स्कूली वाहनों को सीज करते हुए उनको गढवाखेड़ा चौकी में खड़ा कराया। साथ ही 15 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया।
एआरटीओ ने इस संबंध में स्कूल प्रबंधन को नोटिस भी जारी किया है। इसके अलावा दिल्ली से पलिया लखीमपुर जा रही निजी बस बिना परमिट के दौड़ती हुई मिली। जिसका चालान करते हुए 21 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया। इसके अलावा पूरनपुर मार्ग पर तीन ओवरलोड ट्रकों का विरूद्ध चालान करते हुए उन तीनों वाहनों पर लगभग दो लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया।
इस दौरान उस मार्ग पर संचालित होने वाले अन्य वाहन चालक एक दूसरे से फोन कर संपर्क करते रहे। एआरटीओ वीरेंद्र सिंह ने बताया कि अभियान के तहत सभी वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।