Pilibhit News: चंदिया हजारा गांव के 1400 घरों में घुसा शारदा नदी का पानी

गांव चंदिया हजारा में सड़को पर हुआ जलभराव । संवाद
पूरनपुर। शारदा नदी अब पूरे उफन पर है। रविवार रात गांव चंदिया हजारा के करीब 1400 घरों में पानी घुस गया। गांव के निचले स्थानों पर भी जलभराव हो गया है। घुटनों से कमर तक पानी भर जाने से ग्रामीण अनहोनी की आशंका में पूरी रात जागते रहे। गांव वाले घरेलू सामान ऊंचे स्थानों पर पहुंचाने में जुटे हैं। प्रशासन की तरफ से कोई मदद न होने से ग्रामीणों में रोष है। बाढ़ खंड के अधिकारी भी बेपरवाह हैं।
पहले से तबाही मचा रही शारदा नदी ने रविवार को करीब पौने दो लाख क्यूसेक पानी पहुंचने से रौद्र रूप ले लिया है। सुबह से ही गांव के लोग बाढ़ की आशंका से परेशान थे। घरों का सामान ऊंचे स्थानों पर रखना शुरू कर दिया था। रविवार रात आठ बजे के बाद से गांव में पानी घुसना शुरू हो गया। आधी रात तक गांव के 2000 घरों में से 1400 में पानी भर गया। कई परिवार पूरी रात सो नहीं सके।
पिछली बार घरों में पानी भरने से कई बाइकें, इंजन आदि डूबकर खराब हो गए थे। जलभराव से फिर नुकसान न हो, इसलिए लोग घरों से सामान निकालकर पीडब्ल्यूडी की सड़क पर रख रहे हैं। हालांकि सुबह चार बजे से पानी घटना शुरू हो गया हैै। सोमवार दोपहर करीब तीन बजे नदी का जलस्तर कम होने पर अधिकांश घरों से पानी निकल गया, लेकिन जलभराव के बाद घरों और गांव में कीचड़, बदबू से लोग परेशान हैं।
०००००००
चंदिया हजारा- खिरकिया बरगदिया रोड पर आवागमन बंद
खेतों में जलभराव से फसलें नष्ट होने की आशंका पर कुछ दिन पहले गांव खिरकिया बरगदिया के लोगों ने नाले को मिट्टी भरे बोरे लगाकर बंद कर दिया था। इसके बाद पानी गांव चंदिया हजारा में भरने लगा था। रविवार को नायब तहसीलदार ऋषि कुमार दीक्षित ने पुलिस और राजस्व टीम के साथ जेसीबी से नाला खुलवा दिया था। इससे रविवार को गांव चंदिया हजारा से खिरकिया बरगदिया जाने वाले रास्ते पर तीन से चार फुट पानी बहने लगा। इससे सोमवार दोपहर तक आवागमन बंद रहा।
०००००
बाढ़ खंड के अधिकारी कटान रोकने में नाकामयाब
शारदा नदी के कारण पिछले दस दिन से कटान हो रहा है, लेकिन बाढ़ खंड के अधिकारी इसे रोकने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रहे हैं। दरअसल, अधिकारियों ने पहले से कोई तैयारी ही नहीं की थी। अब जब कटान शुरू हुआ तो उसे रोकने के लिए हाथ-पैर मार रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि हर बार की तरह इस बार भी बाढ़ खंड की लापरवाही का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है।
वर्जन
शारदा नदी का जलस्तर कई दिनों से बढ़-घट रहा है। जलस्तर बढ़ने पर चंदिया हजारा गांव में जलभराव हो जाता है। कटान रोकने और नदी का रुख बदलने के लिए बाढ़ खंड की ओर से परकोपाइन लगाने का काम किया जा रहा है। – ध्रुवनरायण यादव, तहसीलदार

गांव चंदिया हजारा में सड़को पर हुआ जलभराव । संवाद