Pilibhit News: न लगे डयूटी इसलिए खुद को दिखा दिया कोरोना संक्रमित
– किसी अन्य की आईडी पर शिक्षिका ने खुद का दर्ज करा दिया था नाम
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। निर्वाचन कार्य में मतदान अधिकारी के पद पर तैनात की गईं पूरनपुर ब्लॉक क्षेत्र की शिक्षिका ने खुद को कोरोना संक्रमित बताते हुए ड्यूटी से दूर रखने की मांग कर दी। कमेटी की ओर से जब जांच की गई तो रिपोर्ट किसी और की निकली। इसमें शिक्षिका ने खुद का नाम लिख लिया था। जांच रिपोर्ट के बाद डीएम ने शिक्षिका के खिलाफ बीएसए को रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।
पूरनपुर ब्लॉक क्षेत्र के गांव पचपेड़ा गढ़ा की प्राथमिक विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापिका रीतू तोमर की निकाय चुनाव में मतदान अधिकारी द्वितीय के पद पर पिंक बूथ पर पोलिंग पार्टी संख्या तीन पर ड्यूटी लगाई गई थी। इसके लिए 8 मई को बेनहर पब्लिक स्कूल में प्रशिक्षण रखा गया था।
इस दौरान उन्होंने प्रार्थना पत्र देकर कहा कि वर्तमान समय में वह कोरोना संक्रमित है। उन्हें ड्यूटी से मुक्त कर दिया जाए। इसके लिए शिक्षिका ने संक्रमित होने में साक्ष्य के रूप में प्रमाण पत्र को भी लगाया था। जिसमें मरीज की आईडी पर रीतू को संक्रमित दर्शाया गया था और पंजीकरण सात मई को किया गया था। प्रार्थना पत्र के बाद जब इसकी जांच कराई गई तो पता चला कि मरीज की आईडी पर मिशिका मेहता का नाम दर्ज है। जिसका रजिस्ट्रेशन 11 अगस्त 2022 को किया गया था।
जांच में फर्जीवाड़े का खुलासा होने पर इसकी रिपोर्ट डीएम को दी गई थी। इसमें कहा गया था कि शिक्षिका ने निर्वाचन जैसी महत्वपूर्ण कार्य से मुक्त होने के लिए कूट रचित एवं फर्जी अभिलेख का उपयोग किया है। रिपोर्ट में एफआईआर दर्ज कराने की संस्तुति की गई थी। मुख्य विकास अधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी की ओर से जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को इस मामले में तत्काल शिक्षिका के खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं। उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।