Pilibhit News: मुठभेड़ में छह मांस तस्कर गिरफ्तार, एक के पैर में गोली लगी
पीलीभीत। ललौरीखेड़ा पुलिस चौकी के पास आठ गोवंशीय पशुओं के अवशेष मिलने के मामले में पुलिस ने सोमवार सुबह छह मांस तस्करों को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। एक तस्कर के पैर में गोली लगी है।
बरेली हाईवे पर जहानाबाद थाने की ललौरीखेड़ा पुलिस चौकी से एक किलोमीटर दूरी बाग में 11 सितंबर की रात मांस तस्करों ने आठ गोवंशीय पशुओं को काटा था। सुबह जब ग्रामीण खेतों की तरफ गए तो वहां अवशेष देखकर मामले की जानकारी पुलिस को दी। तभी से पुलिस तस्करों की खोज में जुटी थी। सोमवार सुबह लगभग तीन बजे मुखबिर से सूचना मिली कि अप्सरा नदी के पास स्थित ईंट भट्ठे के नजदीक कुछ तस्कर पशुओं को काट रहे हैं।
इस पर पुलिस और एसओजी टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। इस दौरान शाहजहांपुर के थाना निगोही के गांव कुरैशियान तालगांव निवासी इमरान के बाएं पैर में गोली लग गई। जहानाबाद एसओ का कहना है कि एक गोली उनकी बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी।
पुलिस ने घेराबंदी कर बरेली के थाना इज्जतनगर के गांव परतापुर जीवन सहाय के सज्जाद, बीसलपुर के गांव रसियाखानपुर निवासी जमील अहमद व उसके पुत्र शफी अहमद, जहानाबाद के मोहल्ला कुरैशियान निवासी इरफान और बीसलपुर के ही गांव रसियाखानपुर निवासी बड़े उर्फ शरीफ गिरफ्तार कर लिया। घायल इमरान को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूछताछ में तस्करों ने ललौरीखेड़ा पुलिस चौकी के पास बाग में गोवंशीय पशु काटना स्वीकार किया।
तीन आरोपियों का है पुराना इतिहास
घायल इमरान पर बरखेड़ा, बिलसंडा और शाहजहांपुर में पशु क्रूरता अधिनियम के तहत पांच से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। वहीं बीसलपुर के रसियाखानपुर के रहने वाले गुड्डू उर्फ जमील पर पशु क्रूरता अधिनियम के तहत बीसलपुर में मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा बरेली के थाना इज्जतनगर के गांव परतापुर जीवन सहाय के सज्जाद पर शाहजहांपुर में दो मुकदमे दर्ज हैं।
दो तमंचा और दो गोवंशीय पशु हुए बरामद
मांस तस्करों से काटने के लिए लाए गए दो गोवंशीय पशु, दो तमंचे, चापड़, दो छुरी, एक रेती, एक कुल्हाड़ी, लकड़ी का गट्टा, प्लास्टिक के तीन कट्टे, रस्सी, तीन मोबाइल फोन बरामद हुए।
वर्जन-
मुठभेड़ में छह मांस स्कर पकड़े गए हैं। पूछताछ में इन्होंने ललौरीखेड़ा चौकी के पास 11 सितंबर को वारदात करना कबूल किया है। – प्रतीक दहिया, सीओ सदर