Pilibhit News: अल्प बचत अभिकर्ता बोले-डाकघरकर्मी कर रहे उत्पीड़न

ज्ञापन देते अल्प बचत अभिकर्ता । संवाद
पीलीभीत। राष्ट्रीय अल्प बचत अभिकर्ता संघ ने प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को सौंपा। इसमें कहा गया है कि डाकघर कर्मचारी अभिकर्ताओं का उत्पीड़न कर रहे हैं। जांच कर उनके इस मामले में कार्रवाई की जाए।
बीसलपुर के कई अल्प बचत अभिकर्ता अपने उत्पीड़न के विरोध में डीएम कार्यालय पहुंचे। उन्होंने डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार के न मिलने पर अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को पांच सूत्री ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि एजेंसी सिस्टम के तहत आज भी राष्ट्रीय बचत अभिकर्ता कार्य करने को विवश है। समय की जरूरत को देखते हुए इसमें बदलाव की आवश्यकता है।
ज्ञापन में आगे कहा गया है कि देश में महिला प्रधान क्षेत्रीय बचत योजना के अंतर्गत महिलाओं को बचत एजेंसी देने का प्रावधान है। इसके तहत आज भी महिला प्रधान अभिकर्ता धन निवेश कराने को बाध्य हैं। आज के डिजिटल परिवेश में यह व्यावहारिक नहीं है। इसी को लेकर डाकघर के कर्मचारी अभिकर्ताओं का उत्पीड़न कर रहे हैं। ज्ञापन देने वालों में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बसंती गुप्ता, पुष्पा शर्मा, मनीषा अग्रवाल, कल्पना सक्सेना, मंगला सक्सेना, अश्वनी कुमार, विवेक कुमार, हरीश कुमार आदि शामिल रहे।