पीलीभीत

Pilibhit News: कहीं त्रिकोणीय मुकाबला तो कहीं बागी बड़े दलों के लिए बने चुनौती

Connect News 24

पीलीभीत। निकाय चुुनाव में अब तक तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं हैं। जिले में तीन नगर पालिकाएं और सात नगर पंचायतें है। तीनों जगह बागी प्रत्याशी बड़े दलों का खेल बिगाड़ सकते हैं। हालांकि भाजपा और सपा ने जीत के लिए हर दांव खेला। बड़े नेताओं ने आकर माहौल भी बनाया। किसका दांव सही पड़ा, इसका फैसला जनता 11 मई को तय करेगी।

पीलीभीत नगर पालिका

भाजपा-सपा की जीत की राह में आड़े आ रहे बागी

संवाद न्यूज एजेंसी

पीलीभीत । नगर पालिका के लिए दिख रहे समीकरण में बागी ही भाजपा-सपा की राह में आड़े आ रहे हैं। यहां मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है।

भाजपा की आस्था की जीत की राह तभी साफ होगी जब वह बागी प्रत्याशी प्रियंका कौशिक से पार पा सकेंगी। प्रियंका कौशिक के पति अवनेश ने भाजपा को हराने के लिए कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी है। उन्होंने ‘बाहरी प्रत्याशी भगाओ’ का मुद्दा खड़ा कर भाजपा की राह में कांटे बिछा दिए हैं। सपा प्रत्याशी नसरीन अंसारी भी मुस्लिम मतदाताओं पर अपना अधिकार समझ रहीं हैं। देखना है मुस्लिम उनके पक्ष में कितना जाता है। यही नहीं सपा की ही बागी प्रत्याशी आकांक्षा अग्रवाल उनके वोट काट सकती हैं।

वहीं निवर्तमान चेयरमैन विमला जायसवाल ने शांत तरीके से मतदाताओं तक पहुंचने के पुराने अंदाज में प्रचार किया है। उनके पति व पूर्व चेयरमैन प्रभात जायसवाल ने गली-नुक्कड़ों पर लोगों से वोट मांगे हैं। पिछले 15 सालों से इसी परिवार पर चेयरमैन की कुर्सी है। इस बार जनता इसे पसंद करती है या नहीं यह भी देखना है। वैसे आम वोटर के लिए इस बार विकास बड़ा मुद्दा है। बसपा प्रत्याशी उर्मिला गौतम भी अपनी जीत का दावा कर रहीं हैं।

पूरनपुर में त्रिकोणीय मुकाबले के आसार

पूरनपुर नगर पालिका में कांटे की टक्कर है। यहां भाजपा के शैलेंद्र गुप्ता, सपा के हुसैन लाडले, निर्दलीय प्रत्याशी प्रदीप जायसवाल उर्फ लल्लन व सपा के बागी मुन्ने मियां अंजाना कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़कर अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहे हैं। मतदान से एक दिन पहले मुन्ने मियां जिस तरह से रोए और सोशल मीडिया पर उनकी पोस्ट वायरल हुई, उससे समीकरण बिगड़ सकते हैं। यहां लड़ाई त्रिकोणीय नजर आ रही है। शैलेंद्र गुप्ता अगर भाजपा का वोट पा गए तो जीत सकते हैं, लेकिन बागी प्रदीप लल्लन इनका खेल बिगाड़ने के लिए काफी है। सांसद वरुण गांधी ने प्रदीप के पक्ष में वोट मांगकर लड़ाई को दिलचस्प बना दिया है। यहां भाजपा, कांग्रेस व निर्दलीय में मुकाबला माना जा रहा है।

बीसलपुर में पूर्व और वर्तमान मंत्री की प्रतिष्ठा दांव पर

यहां भाजपा ने शशि जायसवाल को जिताने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य की जनसभा कराई। गन्ना राज्यमंत्री संजय गंगवार ने पूरी ताकत लगाई। वहीं भाजपा से बागी हुईं मीतू जायसवाल के पक्ष में पूर्व मंत्री रामशरण वर्मा खड़े हैं। रामशरण वर्मा भाजपा विधायक विवेक वर्मा के पिता हैं। दोनों ने कोई कसर नहीं छोड़ी है। हालांकि सांसद वरुण गांधी ने यहां भी निर्दलीय प्रत्याशी माधुरी देवी के समर्थन में वोट देने को कहा। जो खासा चर्चा का विषय बना हुआ है। सपा से शबनम बेगम व निर्दलीय पूर्व चेयरमैन नूर अहमद की पत्नी रिहाना बेगम आपस में ही लड़ रहीं हैं। यहां मुस्लिम मतदाता किसी भी प्रत्याशी की जीत-हार में अहम भूमिका निभा सकता है।

00

नगर पंचायतें : अधिकतर जगह त्रिकोणीय मुकाबला

– गुलड़िया भिंडारा में भाजपा जिलाध्यक्ष के भाई भी मैदान में, बागी पहुंचा सकते हैं बड़े दलों को नुकसान

पीलीभीत। सात नगर पंचायतों का चुनाव भी खासा रोमांचक हो गया है। यहां कई जगह त्रिकोणीय मुकाबला है। कई जगह निर्दलीय प्रत्याशी भी लड़ाई में हैं।

गुलड़िया भिंडारा नगर पंचायत भाजपा की प्रतिष्ठा की सीट बन गई है। यहां खुद भाजपा जिलाध्यक्ष के भाई निशांत प्रताप सिंह चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा से बागी हुए निर्दलीय प्रत्याशी अजय गोयल, चरणजीत सिंह व सपा की साफिया खानम भी टक्कर दे रहे हैं।

नौगवा पकड़िया में अध्यक्ष पद के लिए सपा से वर्तिका सक्सेना, भाजपा से संदीप कौर, निर्दलीय पूर्व प्रधान अशरफ अली की पत्नी के बीच मुकाबला है। सभी का दावा हर वर्ग के मतदाता पर अपनी मजबूत पकड़ का है।

कलीनगर नगर पंचायत में भाजपा की बेलामती व कांग्रेस की मायादेवी के बीच टक्कर है। हालांकि यहां निर्दलीय शांति देवी व संगीता आर्या भी दोनों के समीकरण बिगाड़ सकती हैं। यहां मुस्लिम मतदाता अहम भूमिका निभाएंगे।

जहानाबाद नगर पंचायत में त्रिकोणीय मुकाबला हो सकता है। यहां सपा के एजाज अहमद, भाजपा से यामीन खां व निर्दलीय प्रत्याशी व निर्वतमान चेयरमैन ममता गुप्ता के बीच मुकाबले के आसार हैं।

बिलसंडा में भाजपा के नरेंद्र मोहन सक्सेना, निर्दलीय अटल सिंह जायसवाल व निर्दलीय रमेश गुप्ता के बीच त्रिकोणीय मुकाबला हो सकता है। निर्दलीय डीके गुप्ता भी तीनों प्रत्याशियों का गणित बिगाड़ सकते हैं।

न्यूरिया में त्रिकोणीय मुकाबला माना जा रहा है। कांग्रेस से निवर्तमान चेयरमैन माजिदा बेगम, सपा से साजिया बेगम और बसपा से रिहाना बेगम मैदान में हैं। भाजपा से पूर्व चेयरमैन शाहजहां बेगम व रालोद से कमरुल निशां भी जोर आजमा रहीं हैं।

बरखेड़ा नगर पंचायत में भाजपा के अशोक कुमार गुप्ता की भाजपा के बागी निर्दलीय प्रत्याशी श्यामबिहारी भोजवाल व सपा प्रत्याशी जमील अहमद के बीच टक्कर मानी जा रही है। सपा के बागी मोहम्मद रजा अंसारी ने बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ा है। संवाद


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button