चार लोग जिंदा जले: फोम फैक्टरी अग्निकांड में किसी ने बेटा खोया, किसी ने पति, किसी का पालनहार; सदमे में परिवार

अरविंद के पिता को ढांढस बंधाते परिजन
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली के फरीदपुर में हाईवे किनारे स्थित अशोका फोम फैक्टरी में बुधवार शाम लगी भीषण आग में चार परिवारों की खुशियां भी जलकर राख हो गईं। किसी ने अपना बेटा खोया तो किसी ने पति। किसी ने पालनहार। देर रात तक चार लोगों के शव मलबे से निकाले गए। शव पूरी तरह चल चुके थे। फैक्टरी में काम करने वाले राकेश, अरविंद, अनूप और अखिलेश लापता हैं। इन्हीं चारों के ये शव बताए गए।
फैक्टरी में लगी आग में हरहरपुर गांव निवासी अरविंद मिश्रा की भी जिंदा जलकर मौत हो गई। एक वर्ष पहले ही उसकी शादी हुई थी। अरविंद की पत्नी गर्भवती है। अरविंद के पिता ओमप्रकाश मिश्रा बेटे का शव देखकर अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े। लोगों ने उनके चेहरे पर पानी छिड़का तो होश में आए। उनका कहना था कि फैक्टरी प्रबंधन की लापरवाही से बेटे की जान गई है।
Bareilly Fire: जोरदार धमाका…खाक हो गईं चार जिंदगियां; लोग बोले- ऐसा लगा जैसे बम फटा, भयावह था मंजर
गांव सरकड़ा निवासी राकेश कुमार (34) की फैक्टरी के अंदर ही जलकर मौत हो गई। उसका शव जली अवस्था में कटर से लोहे की चादर काटकर निकाला गया। राकेश की पत्नी शारदा का बुरा हाल था। राकेश के दो बच्चे हैं, जिसमें सबसे बड़ा बेटा छह वर्ष का और छोटी बेटी है। वह घर का अकेला कमाने वाला शख्स था। फैक्टरी में मजदूरी करके परिवार का पालन पोषण करता था।



