Pilibhit News: अमृत सरोवरों के सर्वे का काम पूरा, तैयार की जा रही रिपोर्ट
– 132 तालाबों के पूरा होने पर एप से सरकार ने शुरू कराया था सर्वे
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। अमृत सरोवर योजना के तहत जिले में तैयार किए गए 132 तालाबों का केंद्र सरकार के निर्देश पर एप से करवाया गया सर्वे पूरा हो गया है। अब सर्वे के दौरान तालाबों में मिली खामियों को लेकर रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
15 अगस्त तक जिले के शेष करीब 335 तालाबों का सुंदरीकरण कराया जाना है। इसके लिए पूरी कार्ययोजना बनाई गई है। इसके लिए काम को शुरू भी कर दिया गया है। इधर, केंद्र सरकार ने पूर्व में जिले में बनाए जा चुके 132 तालाबों का सर्वे कराने के निर्देश दिए थे। इसके लिए ब्लॉक स्तर पर तीन सदस्यीय टीमों को लगाया गया था। सर्वे के लिए टीम के मोबाइल पर एप भी दिया गया था।
मौके पर जाकर टीम के सदस्यों को तालाब की हालत को लेकर एप में पूछे गए सवालों को भरना था। इसके लिए 15 जून तक का समय तय दिया गया था। टीम को तालाबों में पानी का हाल, बेंच की स्थिति, पौधरोपण सहित कई जानकारी भरनी थी। सर्वे के बाद सभी ब्लाॅकों की रिपोर्ट को तैयार किया जा रहा है।
इसमें देखा जा रहा है कि किस तालाब में कौन की कमी पाई गई है। कहां पर क्या सुधार हो सकता है। इसके बाद पूरी रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। डीसी मनरेगा मृणाल सिंह ने बताया सर्वे पूरा हो गया है, अब रिपोर्ट तैयार की जा रही है।