Pilibhit News: छेड़खानी की रिपोर्ट वापस न लेने पर आरोपी दे रहा धमकी
चार माह से स्कूल नहीं जा रही छात्रा, कोचिंग जाने पर दे रहा पिता को मारने की धमकी
छात्रा के चचेरे भाई को भेजा धमकी भरा मैसेज, एसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर। छेड़खानी की रिपोर्ट दर्ज कराने पर आरोपी ने छात्रा के चचेरे भाई के मोबाइल पर धमकी भरा मैसेज भेजा है। परेशान छात्रा चार महीने से स्कूल नहीं जा रही है। कोचिंग जाने पर उसे रास्ते में रोककर आरोपी मुकदमा वापस न लेने पर पिता की हत्या करने की धमकी दे रहा है। पुलिस ने एसपी के आदेश पर छात्रा के पिता की ओर से आरोपी और उसके साथियों के खिलाफ एक बार फिर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
छात्रा के पिता ने पुलिस को बताया कि बेटी के साथ छेड़खानी, घर में घुसकर मारपीट कर धमकाने पर उसने मोहल्ला कायस्थान निवासी शुभ प्रवेश वर्मा और अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
आरोपी ने 20 और 21 नवंबर को उसके चचेरे भाई के फोन पर इंस्टाग्राम आईडी से धमकी भरी चैट भेजी। पिता का कहना है कि आरोपी और उसके साथियों की धमकी से उसकी पुत्री चार महीने से स्कूल नहीं जा रही है।
कोचिंग जाने पर आरोपी उसकी घेराबंदी कर हरकतें करता है। मुकदमा वापस न लेने पर पिता की हत्या की धमकी देता है। पुलिस ने छात्रा के पिता की ओर से आरोपी शुभ प्रवेश वर्मा और उसके साथियों के खिलाफ एक बार फिर छेड़खानी, धमकाने के रिपोर्ट दर्ज की है।

