Pilibhit News: रास्ते की जमीन पर कब्जा कर बो दी फसल, प्रशासन ने जुतवाई
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Wed, 21 Jun 2023 11:42 PM IST

फोटो 1 गांव दहगला में अवैध कब्जा हटवाती प्रशासन की टीम।
पीलीभीत। सदर तहसील क्षेत्र के गांव दहगला में कुछ लोगों ने रास्ते की जमीन पर कब्जा कर लिया। उस पर फसल भी बो दी। गांव के लोगों को आने-जाने में परेशानी हुई तो उन्होंने प्रशासन से शिकायत की। इस पर नायब तहसीलदार ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर फसल जुतवा दी। कब्जेदारों को चेतावनी दी कि दोबारा जमीन पर कब्जा किया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
गांवों के चकमार्ग और अन्य सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे को लेकर शासन जब सख्त हुुआ तो प्रशासन ने भी कार्रवाई शुरू कर दी। एक दिन पहले गांव बिथरा में टीम ने अवैध कब्जा हटवाया था। इसके बाद बुधवार को गांव दहगला में नायब तहसीलदार रामजी द्विवेदी ने टीम के साथ रास्ते पर हुआ कब्जा हटवा दिया। उन्होंने बताया रास्ते की जमीन पर गांव के ही खरगायी लाल और कल्लू ने कब्जा कर गन्ना और ज्वार बो दी थी। इन लोगों ने चरागाह की जमीन पर भी कब्जा किया था। अवैध कब्जा हटाने के बाद उन्हें कड़ी चेतावनी दी गई है।
00
सिरसा सरदहा में चकरोड पर कब्जा
सिरसा सरदहा के सुरेश कुमार ने डीएम को दिए पत्र में कहा है कि गांव के चकरोड खाता संख्या 95, गाटा संख्या 54 रकबा 1.189 हेक्टेयर पर गांव के ही कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया है। आरोप है कि अवैध कब्जेदारों ने केले के पौधे लगा दिए हैं। पहले शासन स्तर पर शिकायत की थी। जांच आने के बाद भी अब तक अवैध कब्जा नहीं हटा है। चकरोड कब्जा होने से वह खेत पर ट्रैक्टर-ट्रॉली नहीं ले जा पा रहे हैं।