Pilibhit News: घर के अंदर लगे हाईटेंशन लाइन के खंभे पर लगा इंसुलेटर फटा

खंभे पर इंसुलेटर बदलता बिजली कर्मी ।
पूरनपुर। बिजली हाईटेंशन लाइन का इंसुलेटर फटने से पूरनपुर देहात के मोहल्ला नूरीनगर निवासी मोहम्मद उमर के घर में करंट आ गया। इससे घर में बिजली चलित उपकरण फुंक गए। बमुश्किल घर से बाहर निकलकर लोगों ने जान बचाई। गनीमत रही कि थोड़ी ही देर में बिजली सप्लाई ट्रिप हो गई। इससे बड़ा हादसा बच गया।
घटना सोमवार की दोपहर 12 बजे की है। मोहम्मद उमर के घर में बिजली की हाईटेंशन लाइन का खंभा लगा हुआ है। खंभे में लगा इंसुलेटर फटने से खंभा और उसके घर में करंट दौड़ गया। इससे परिजन में कोहराम मच गया। परिजन ने घर के बाहर भागकर जान बचाई। मोहम्मद उमर ने बताया कि करंट से घर में लगा एसी, एलसीडी, फ्रिज, पंखे और बल्ब फुंक गए हैं। गनीमत रही कि हादसे के कुछ पल बाद ही बिजली आपूर्ति ट्रिप हो गई। सूचना पर पहुंचे लाइनमैन ने खराब इंसुलेटर को बदला। जेई जयपाल ने बताया कि इंसुलेटर फुंकने से घर में करंट उतरने की सूचना मिली थी। इंसुलेटर बदलवा दिया गया है।
करंट से शटर मिस्त्री की हालत बिगड़ी, रेफर
पूरनपुर। हाईटेंशन लाइन का तार छूने से करंट लगने से शेरपुरकलां निवासी शहवाज (19) झुलस गया। सीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। शहवाज रविवार को पूरनपुर देहात के मोहल्ला खानकाह में एक दुकान में शटर लगा रहा था। शटर के समीप से निकल रही बिजली हाईटेंशन लाइन का तार किसी तरह छूने से करंट लगने से शहवाज झुलस गया। शहवाज को सीएचसी लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। संवाद