Pilibhit News: दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को घर से निकाला
पीलीभीत। शहर के मोहल्ला शेर मोहम्मद की रहने वाली विवाहिता ने कोतवाली में दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि ससुराल वालों ने दहेज में 10 लाख रुपये और कार न मिलने उसे पीटकर घर से निकाल दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मोहल्ला शेर मोहम्मद निवासी विवाहिता ने बताया है कि उसका निकाह दो माह पूर्व मोहल्ला अशरफ खां निवासी नदीम खान के साथ हुआ था। शादी के बाद ही ससुराल वाले दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। 10 लाख रुपये और कार की मांग को लेकर आए दिन उसके साथ मारपीट की जाती थी।
विवाहिता का कहना है कि 13 जुलाई को दहेज की मांग पूरी न होने पर रात दस बजे पति नदीम, सास शबनम, ससुर मोहम्मद यार, ननद मेहनाज व गुलनाज, जेठानी समरीन, जेठ वसीम, देवर गौहर, वसीम, नईम, रिश्तेदार दाउद और फरजाना ने उसे मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सभी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है।