Pilibhit News: घटने लगा खकरा का जलस्तर, रपटा पुल से गुजरने लगे दोपहिया वाहन

रपटा पुल पर पानी कम होने से आवागमन शुरू हो गया । संवाद
पीलीभीत। न्यूरिया क्षेत्र में खकरा नदी का जलस्तर बढ़ने से करीब एक दर्जन गांवों को जोड़ने वाले रपटापुल के ऊपर से पानी बहने लगा था। इससे पुल पर यातायात बंद हो गया था। नदी में पानी कम होने के बाद रविवार से दोपहिया वाहनों का आवागमन शुरू हो गया है। हालांकि पानी अब भी पुल के ऊपर से बह रहा है।
एक सप्ताह पूर्व खकरा नदी का जल स्तर बढ़ने पर रामपुर बौरख मार्ग पर स्थित रपटा पुल के ऊपर से पानी बहने लगा था। पानी का बहाव बहुत अधिक तेज होने के कारण पुल से यातायात बंद कर दिया गया था। ग्रामीण मझोला होकर न्यूरिया आ-जा रहे थे। न्यूरिया के किसानों को भी अपने खेतों पर जाने के लिए 15 किलोमीटर का चक्कर काटना पड़ रहा था।
शनिवार से नदी का जलस्तर घटना शुरू हो तो पुल पर पानी का बहाव धीमा हो गया। रविवार से रपटा पुल से होकर दोपहिया वाहनों के साथ ही पैदल आवाजाही शुरू हो गई। हालांकि अभी चार पहिया और भारी वाहनों का आवागमन शुरू नहीं हो सका है।