Pilibhit News: सत्यापन का पेच, अब जुलाई में हो सकेगा पेंशन का भुगतान
– फर्जीवाड़ा रोकने के लिए ब्लॉक स्तरीय अफसरों से कराया जा रहा सत्यापन
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। फर्जीवाड़ा रोकने के लिए दिव्यांग, निराश्रित और वृद्धावस्था पेंशन के पात्रों की हकीकत परखने के लिए जिले में इस समय सर्वे और सत्यापन का कार्य किया जा रहा है। यह कार्य 15 जून तक पूरा होना है। ऐसे में अब जुलाई में ही सभी पात्रों के खातों में पेंशन की धनराशि भेजी जा सकेगी।
वित्तीय वर्ष समाप्त होने के बाद शासन की ओर से निराश्रित, दिव्यांग, वृद्धावस्था समेत विभिन्न पेंशनभोगियों की जांच कराई जाती है। ताकि मृतक और अपात्रों की पहचान की जा सके और किसी प्रकार का फर्जीवाड़ा न हो। इस बार भी पेंशनभोगियों का गांव-गांव में सत्यापन कराया जा रहा है। इसके लिए ब्लॉक स्तर पर बीडीओ के माध्यम से सचिव सत्यापन कर रहे हैं तो शहरी क्षेत्र में इसकी जिम्मेदारी नगर पालिका को सौंपी गई है।
ऐसे में सत्यापन का कार्य होने के कारण इस वित्तीय साल में किसी भी पात्र के खाते में पेंशन की किस्त नहीं भेजी जा सकी है। पेंशन को लेकर लोग रोजाना कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं। सभी को 15 जून तक सर्वे होने के बाद जुलाई माह में पेंशन खातों में आने की बात कही जा रही है। इधर, अधिकारियों की ओर से सभी बीडीओ को जल्द रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
00
शासन के आदेश पर इस समय सत्यापन कराया जा रहा है। कई ब्लॉकों से सत्यापन रिपोर्ट आ चुकी है। यह कार्य 15 जून तक पूरा होना है। इसके बाद अपडेट सूची के आधार पर शासन से बजट जारी किया जाएगा, फिर पात्रों के खातों में पेंशन की किस्त भेजी जा सकेगी।
– केपी सिंह, जिला दिव्यांग कल्याण अधिकारी