Pilibhit News: डगा गांव के पास डेरा जमाए बैठी बाघिन दो बार कुत्तों पर झपटी
कलीनगर। डगा गांव के निकट तीन दिन से देखी जा रही बाघिन की मौजूदगी लगातार जारी है। शुक्रवार को दिन में झाड़ियों में छिपी बाघिन ने कुत्तों पर दो बार झपट्टा मारा। इससे ग्रामीणों में दहशत है।
बराही रेंज से सटे डगा गांव के निकट शावक के साथ बाघिन की मौजूदगी देखी जा रही है। दो दिन पूर्व खेत पर काम कर रहे किसान पर भी बाघिन ने झपट्टा मारा था। इसके बाद से अफसरों के निर्देश पर निगरानी शुरू की गई थी। इसके बाद भी बाघिन की सक्रियता जारी है। बृहस्पतिवार को डगा पुल के निकट बाघिन ने कुत्ते को मार डाला था।
शुक्रवार को भी झाड़ियाें में डेरा जमाए बाघिन नजदीक पहुंचे कुत्तों पर भी झपट पड़ी। वन कर्मियों की सूचना के बाद टाइगर रिजर्व के एसडीओ मयंक पांडे और दिलीप श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे। टीम से जानकारी जुटाने के बाद ग्रामीणों से भी संपर्क साधा। ग्रामीणों ने बाघिन की सक्रियता के चलते परेशानी को अफसरों से रूबरू कराया। एसडीओ मयंक पांडे ने बताया कि टीम रेस्क्यू ट्रैक्टर से भी नजर रखेगी।
तेंदुए ने घर में घुसकर बकरे को मार डाला
पूरनपुर। हजारा थाना के गांव शास्त्रीनगर निवासी हरिनंद के घर में घुसकर तेंदुए ने बकरे को मार डाला। शोर-शराबा पर तेंदुआ गांव के समीप झांडिय़ों में चला गया। संपूर्णानगर वन एवं वन्य जीव प्रभाग की पहुंची टीम ने जांच कर बकरे के शव को दफन करा दिया। संवाद

