Pilibhit News: इस बार टाइगर रिजर्व में नहीं बढ़ेगा किराया

चूका पर बनी हट । स्रोत – वन निगम
4000 रुपये खर्च करना पड़ता है जीनान सफारी के लिए, चार से छह हजार में बुक होंगी हट
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। 15 नवंबर से शुरू होने वाले पर्यटन सत्र को लेकर तैयारियों में जुटे अधिकारियों ने इस बार किराया न बढ़ाने का फैसला किया है। यही नहीं सफारी वाहन के किराये में अब तक कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। साथ ही हटों का किराया भी नहीं बढ़ाया गया है।
15 नवंबर से पीलीभीत टाइगर रिजर्व का पर्यटन सत्र शुरू हो रहा है। इसकी तैयारी जोरों पर है। सैलानियों को आशंका थी कि इस बार भी सफारी वाहनों के किराये में बढोतरी हो सकती है। अगर किराया बढ़ता तो इसका असर भी देखने को मिलता। मंथन के बाद पीटीआर के अधिकारियों ने इस बार किराया न बढ़ाने जाने का फैसला किया है।
पिछले साल की तरह ही सफारी वाहनों से किराया लिया जाएगा। यही नहीं चूका में बनी हटों के किराये में भी बढोतरी नहीं होने की उम्मीद है। हटों का किराया कुछ कम जरूर हो सकता है।
00
टाइगर रिजर्व में ये मौजूद हैं संसाधन
सैलानियों की सुविधा के लिए यहां टाइगर रिजर्व की 30 सफारी गाड़ी है। इसके अलावा वन निगम की भी पांच गाड़ियां हैं। इस बार इनकी संख्या को बढ़ाया जा रहा है। संभावना है कि इस बार सफारी वाहनों की संख्या 50 हो जाएगी। इसके साथ ही चूका में चार थारु हट के अलावा एक ट्री हट है। वाटर हट टाइगर रिजर्व के पास है। उम्मीद की जा रही है कि इनका किराया भी पूर्ववत रखा जाएगा।
00
बढ़ाए जाएंगे टूरिस्ट गाइड
पिछले पर्यटन सत्र में टाइगर रिजर्व के पास 44 टूरिस्ट गाइड थे। इसमें एक महिला गाइड भी थी। इस बार इनकी संख्या में बढ़ोतरी की जाएगी ताकि एक वाहन पर दो गाइड मौजूद रह सकें। गाइडों की संख्या बढ़ाने के लिए मंगलवार को मुख्यालय पर परीक्षा कराई जाएगी। इसके लिए दस महिलाओं सहित 175 आवेदन आ चुके हैं।
कैमरे के लिए भी देना पड़ेगा शुल्क
अगर आप पीटीआर में घूमने जा रहे हैं और कैमरा ले जाने की सोच रहे हैं तो आपको 5000 रुपये की रसीद कटानी होगी। हालांकि यह व्यावसायिक कैमरों के लिए है। जबकि छोटे कैमरों के लिए भी 500 रुपये किराया देना होगा।
00
पिछले साल यह था सफारी का किराया
शहर से अगर जीनॉन सफारी चूका के लिए बुक करते हैं तो चार हजार रुपये देने होंगे। महोफ गेट से चूका प्रति चक्कर का 3750 रुपये और मुस्तफाबाद से चूका तक 3500 रुपये लिया जाता था। इस बार भी ऐसा ही रहेगा। इसके अलावा ट्री हट व थारू हट के लिए एक व्यक्ति के लिए पांच हजार रुपये, दो व्यक्ति के लिए छह हजार व तीन व्यक्ति के लिए 6500 रुपये एक रात का किराया है। अगर विदेशी सैलानी आते हैं तो एक व्यक्ति के लिए 11900, दो के लिए 15000 व तीन विदेशी पर्यटकों के लिए 16900 रुपये किराया तय किया गया है।
किराये की स्थिति
सफारी 4000 रुपये छह व्यक्ति
थारू हट 6000 रुपये दो व्यक्ति
ट्री हट 6000 रुपये दो व्यक्ति
मोटर बोट 6500 रुपये 10 व्यक्ति
00
15 नवंबर से टाइगर रिजर्व का पर्यटन सत्र शुरू होगा। इसके लिए तैयारी चल रही है। इस बार भी सफारी के किराये में कोई बढ़ोतरी नहीं होगी। किराया पिछले साल वाला ही रहेगा।
– नवीन खंडेलवाल, डीएफओ, टाइगर रिजर्व



