Pilibhit News: क्षमता आठ की, 13 बच्चे बैठाए, तीन वैन कीं सीज

स्कूली वाहनो की चेंकिग करते एआरटीओ । स्रोत – एआरटीओ
पीलीभीत। बिना पंजीकरण क्षमता से अधिक बच्चे बैठाकर स्कूल ले जाने वाली तीन वैन को एआरटीओ ने सीज कर दिया। इनमें आठ के स्थान पर 12-13 बच्चे बैठाए गए थे। इसके अलावा चार ओवरलोड वाहनों को सीज कर उन्हें ललौरीखड़ी चौकी पर खड़ा करा दिया।
शनिवार को एआरटीओ वीरेंद्र सिंह ने जहानाबाद-अमरिया मार्ग पर चेकिंग अभियान चलाया। जहानाबाद क्षेत्र के कई विद्यालयों में संचालित होने वाले वाहनों का स्कूल की ओर से कोई परमिट नहीं था। वाहन चालक ने क्षमता से अधिक बच्चे वाहन में बैठाए हुए थे। ऐसे तीन स्कूली वाहनों को सीज करते हुए 82 हजार रुपये का जुर्माना डाला गया।
इसके अलावा एक स्कूल वाहन बच्चों को बैठाकर ओवर स्पीड जा रहा था। ऐसे स्कूली वाहन के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई। इसके अलावा जहानाबाद अमरिया रोड पर ही आ रहे गिट्टी भरे दो ट्रक, एक रेत व एक भूसे लदे ट्रक को ओवरलोड होने की वजह से सीज किया गया। तीनों ट्रकों से लगभग दो लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया है। एआरटीओ वीरेंद्र सिंह ने बताया कि यातायात नियमाें का उल्लंघन करने वाले चालकों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।